मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण पुस्तिका संबंधी योजनाओं/ परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधितों को निर्देशित किया

आर. चंद्रा ब्यूरो

औरैया 19 मई 2025- जिलाधिकारी डॉ० इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण पुस्तिका संबंधी योजनाओं/ परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधितों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा प्राप्त योजनाओं का लक्ष्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य योजना के अनुरूप कार्य न किए जाने पर कार्यों की प्रगति में समय के अनुरूप वृद्धि नहीं होती है जिससे पोर्टल पर फीडिंग भी कम हो पाती है और शासन स्तर पर होने वाली समीक्षा में जनपद की रैंकिंग पिछड़ती है इसके लिए विभागीय अधिकारी को जिम्मेदार मानते हुए उनके विरुद्ध कार्यवाही कर शासन को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने फैमिली आईडी, माननीय प्रधानमंत्री आवास योजना, माननीय मुख्यमंत्री आवास योजना सहित ग्रामीण क्षेत्र में संचालित योजना हेतु खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कहा कि वह अपने स्तर से अभियान चलाकर योजना के संचालन में प्रगति लाये। खराब प्रगति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लक्ष्य को सुनिश्चित कराने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि वह अपने स्तर से अधीनस्थों को निर्देशित कर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लाइट स्थापित करने के लिए पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधितों को निर्देशित किया कि विभागों से संबंधित निर्माण कार्यों का स्वयं निरीक्षण करते रहें जिससे मानक व गुणवत्ता के अनुरूप कार्य हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की कोई अनियमितता /शिकायत दृष्टिगत होती है तो तत्काल अवगत करायें जिससे संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्यवाही की जा सके। जिलाधिकारी ने समस्त निर्माणदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने कार्य को समयबद्धता के साथ करते हुए निर्धारित समय में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह, अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनायक शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भानु प्रताप सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह , डी सी मनरेगा राम दुलार, अधिशाषी अभियंता विद्युत सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

50% LikesVS
50% Dislikes