आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
मामले के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता/ अनियमितता न बरतते हुए समयबद्धता के साथ करें निस्तारण।
औरैया 21 जून 2025- जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र के दूर- दराज से आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाले शिकायती मामलों का अधिकारी स्वयं संज्ञान लेकर स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित पक्षो को सुनते हुए नियमानुसार निष्पक्ष होकर संतुष्टि पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, मामलों के निस्तारण में शिथिलता/ अनियमितता न बरतते हुए निष्पक्ष होकर समयबद्धता के साथ संतुष्टि पूर्ण निस्तारण करें साथ ही निस्तारण प्रक्रिया के दौरान किए गए स्थलीय निरीक्षण, पक्षो के संवाद आदि प्रक्रियाओं की फोटो ग्राफी/ वीडियो ग्राफी संरक्षित करें जिससे किसी को आरोप /शिकायत का अवसर न मिले। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित मामलों का निस्तारण लेखपाल समय से सुनिश्चित करें , अनावश्यक रूप से लम्बित न रखें।
प्रार्थी रामदास पुत्र नाथूराम निवासी भीखमपुर ने प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया है कि कृषि भूमि गाटा संख्या 114 पर प्रार्थी का 12 डेसिमिल रकवा है जिसको पड़ोसी काश्तकार बुद्ध सिंह पुत्र शिवराम सिंह व संजू पुत्र शिवराम सिंह आदि ने अपनी गाटा संख्या 115 में मिला लिया है जबकि पूर्व में कानूनगो द्वारा खूंटी निशान देही लगाई गई थी जिसे उक्त लोगों द्वारा उखड़ाकर फेंक दिया गया था जिससे प्रार्थी का अपनी 12 डिसमिल भूमि पर कब्जा नहीं हो पा रहा है। प्रार्थी अनुसूचित जाति का है उक्त विपक्षियों द्वारा समय-समय पर गाली- गलौज किया जाता है और कहते हैं कि कब्जा के लिए ज्यादा शिकायत की तो गांव में नहीं रहने दूंगा आपसे विनम्र अनुरोध है कि प्रार्थी की 12 डिसमिल भूमि को विपक्षी लोगों के कब्जे से मुक्त कराते हुए दिलाई जाए। जिस पर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक औरैया को निर्देश दिए कि कल ही पुलिस बल के साथ जाकर मामले का निष्पक्षता पूर्ण निस्तारण करायें। प्रार्थी इरफान पुत्र शमशाद निवासी सैनिक कॉलोनी औरैया ने प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया है कि तीन माह पूर्व मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए जिला उद्योग केंद्र में आवेदन किया था जिसके लिए प्रार्थी लगातार चक्कर लगा रहा है परंतु कोई कार्यवाही अभी तक नहीं हुई है कृपया ऋण दिलाने का कष्ट करें जिससे प्रार्थी अपनी जीविका के लिए कोई कार्य कर सके जिस पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त जिला उद्योग अधिकारी को निर्देश दिए कि पत्रावली की जांच कर तीन दिन में निस्तारण करायें। प्रार्थी रामबाबू पुत्र यशेन्द्र बहादुर निवासी पूर्वागढ़े मौजा लखनपुर ने प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया है कि प्रार्थी के फसल सिंचाई हेतु पूर्व में गाटा संख्या 375 में स्थित सरकारी नाली को तोड़कर कुछ लोगों द्वारा समाप्त कर दिया गया है जिससे प्रार्थी की भूमि/ फसल की सिंचाई नहीं हो पाती है कृपया सिचाई हेतु पुनः नाली की नपती कराते हुए बनवाने का कष्ट करें जिससे प्रार्थी की फसल की सिंचाई हो सके। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को निर्देश दिए कि प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करें।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 148 समस्या संबंधी प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 06 प्रार्थना पत्रों का विभागीय अधिकारियों द्वारा त्वरित निस्तारण कराया /किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुरेंद्र कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, तहसीलदार सदर रणवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर अशोक कुमार, नायब तहसीलदार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



