आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
*
शासन द्वारा संचालित आपदा राहत संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार – प्रसार करें/कराएं जिससे आमजन उनका लाभ लेने हेतु हो जागरूक।
*
औरैया 01 जुलाई 2025- आपदा पीड़ितों को समयान्तर्गत कार्यवाही करते हुए हम सभी को संवेदनशील होकर शासन द्वारा संचालित योजनाओं का नियमानुसार राहत दिलाने में जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए, जिससे कोई भी पीड़ित योजना के लाभ से वंचित न रह सके और बिखरे परिवार को अपने जीवन यापन में कोई असहजता महसूस न हो।
ई0 अवनीश कुमार सिंह माननीय सभापति उत्तर प्रदेश विधान परिषद (दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति) ने सरसई घाट स्थित नवीन सभागार में जनपद औरैया और कानपुर देहात के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उपरोक्त विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि संवेदनशील होकर कार्य करने से योजनाओं का लाभ सभी पात्र पीड़ितों को मिलने से शासन की मंशा तथा योजना की उद्देश्य पूर्ति सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का कर्तव्य है कि समय-समय पर आने वाली आपदाओं (आकाशीय विद्युत, सर्पदंश, बाढ़, जलाशय/नदी/ नाले में डूबने, जंगली जानवरो) के कारण हुई क्षति से बचाव तथा होने वाली क्षति/ मृत्यु पर शासन द्वारा दी जाने वाली राहत के संबंध में विभिन्न कार्यक्रमों (प्रचार -प्रसार) के माध्यम से जागरूक किया जाए साथ ही आपदा से बचाव संबंधी एवं शासन से दी जाने वाली राहत संबंधी सूचना पंचायत भवन राशन की दुकान, चिकित्सालय विद्यालयों आदि की दीवारों पर आकर्षक व पठनीय लेखन कार्य कर आमजन को दी जाए, जिससे पीड़ित परिवार अपने आवेदन आदि की कार्यवाही कर सरकार की योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि जनपद में ऐसी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जनपद में ऐसे स्थान जहां आमजन द्वारा नदी, नाले आदि में नहाने / पार करने की स्थिति में डूबने जैसी घटना होती है इसके लिए जिला प्रशासन ऐसे क्षेत्र को चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं कराए तथा मेले/ बाजारो आदि में उदघोष व अन्य माध्यम से जानकारी प्रसारित की जाए जिससे अनजाने में होने वाली घटनाओं को रोका जा सके।
माननीय सभापति तथा माननीय सदस्य रामसूरत राजभर अरुण पाठक एवं अंगद कुमार ने कहा कि गत वर्षो में दैवीय आपदा से हुई जनहानि आदि के लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त कर सूचीबद्ध करते हुए संदर्भ प्रेषित किए जाएं जिसके संबंध में शासन द्वारा कार्यवाही संभव कराई जा सके। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सूचीबद्ध जानवरों को छोड़कर अन्य जानवरों के द्वारा होने वाली क्षति/ जनहानि की सूचना भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे विचारोपरांत शासन में सूचीबद्ध किया जा सके और पीड़ित को राहत अनुमन्य हो सके। माननीय सभापति ने निर्देशित किया कि आपदा पीड़ित राहत संबंधी संख्यात्मक विवरण में एकरूपता सुनिश्चित हो, जिस किसी भी स्थिति में कोई भी भ्रम उत्पन्न न हो सके। उन्होंने कहा कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजना के अंतर्गत निर्माण निर्मित पानी की टंकियों पर उच्च क्षमता के विद्युत तड़क यंत्र स्थापित कराए जाएं, जिससे आकाशीय विद्युत से होने वाली धन व जनहानि को बचाया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 इंद्रमणि त्रिपाठी ने माननीय सभापति एवं सदस्यगणों को आश्वत किया कि सदन द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों तथा सुझावों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अवगत कराया जाएगा और प्राप्त दिशा निर्देशों के क्रम में ही आपदा राहत की गतिविधियां पूर्ण की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) एम0 पी0 सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारी सदर सहित जनपद औरैया एवं कानपुर देहात के जनपद स्तरीय अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।



