आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
*जिला स्तरीय स्थायी समिति की हुई बैठक संपन्।*
*औरैया 22 जुलाई, 2025*/जिला स्तरीय स्थाई समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के साथ सौहार्द पूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
बैठक में प्रशासन, पुलिस व पत्रकारों के बीच सौहार्दपूर्ण समन्वय स्थापित करने के साथ ही जिले के पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं के निराकरण का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा आश्वासन दिया गया। समिति के सदस्यों द्वारा मांग की गई कि पत्रकारों के खिलाफ साजिश के तहत दी जाने वाली फर्जी शिकायतों की सक्षम अधिकारियों से जांच के बाद ही कोई कार्यवाही की जाए। जिस पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा जांच के बाद ही कार्यवाही का भरोसा दिया गया और फर्जी पत्रकारों के मामले में जल्द सभी पत्रकारों के संस्थानों से उनके संवाददाताओं के संबंध में जानकारी कर सूची सार्वजनिक किए जाने का भी आश्वासन दिया गया।
समिति के सदस्यों ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए आवास की मांग की जिस पर जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी को बैठक का हवाला देते हुए पत्राचार किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में सदस्यों द्वारा व्यक्तिगत वाहनों पर अनाधिकृत रूप से प्रेस लिखे वाहनों की जांच कराए जाने की मांग पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नियमानुसार कार्यवाही किए जाने का भरोसा दिया। सदस्यों द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकारों के वाहन पर टोल टैक्स में छूट दिए जाने की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी को बैठक का हवाला देते हुए पत्राचार किए जाने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक में पत्रकारों के सामने कवरेज के दौरान आने वाली समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग की कि पुलिस थानों में कवरेज के दौरान असुविधा होती है, जिस पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा पत्रकारों को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने स्थाई समिति के सदस्यों द्वारा पत्रकारों के संबंध में उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के यथा संभव निराकरण का भी भरोसा दिया।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी, मान्यता प्राप्त पत्रकार अरुण कुमार बाजपेई, मान्यता प्राप्त पत्रकार सूर्य प्रकाश शर्मा, मान्यता प्राप्त पत्रकार रवि दत्त, मान्यता प्राप्त पत्रकार हरगोविंद सिंह सेंगर उपस्थित रहे।



