जिलाधिकारी के निर्देशन में संचालित योजनाओं से पशुपालक हुए लाभान्वित

आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ

शासन द्वारा संचालित पशुपालन विभाग की योजनाओं से जनपद के पशु पालकों को योजनाओं से कराया गया लाभान्वित।

औरैया 23 जुलाई 2025/ जिलाधिकारी डॉ0 इंद्रमणि त्रिपाठी के दिशा निर्देशन में शासन द्वारा संचालित पशुपालन विभाग की पशुपालन हेतु संचालित विभिन्न लाभपरक योजनाओं को बेहतर ढंग से संचालित करते हुए जनपद के पशु पालकों को लाभान्वित कराया गया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 प्रेमचंद ने अवगत कराया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में माननीय मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के अंतर्गत कुल 355 गोवंशों को इच्छुक पशु पालकों को सुपुर्दगी में दिया गया। सुपुर्दगी में दिए गए गोवंशों के भरण पोषण हेतु संबंधित लाभार्थी को ₹50 प्रति गोवंश प्रतिदिन की दर से धनराशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।

नवीन अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल की स्थापना
जनपद के विकास खण्ड एरवाकटरा के ग्राम बढिन में 01 नवीन अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल की स्थापना की गयी है, जिसमें अब तक कुल 60 निराश्रित गोवंशों को संरक्षित किया जा चुका है।

गौशालाओं में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाये गये
जनपद में संचालित अस्थाई गोवंश आश्रय स्थलों एवं वृहद गोवंश संरक्षण केन्द्रों में अब तक कुल-42 सी.सी.टी.वी. (360° वाईफाई युक्त) कैमरे लगाये गये हैं, जिनके माध्यम से गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों की सुरक्षा एवं भरण-हेतु जनपद मुख्यालय स्तर से निगरानी की जाती है।

गलाघोंटू बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण कार्यक्रम
गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में गलाघोंटू बीमारी के बचाव हेतु जनपद को कुल-293700 डोज एच.एस. वैक्सीन प्राप्त हुई थी, तत्क्रम में प्राप्त वैक्सीन के सापेक्ष गोवंशीय / महिषवंशीय पशुओं में टीकाकरण कराया गया है।

खुरपका-मुँहपका बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण कार्यक्रम
जनपद में वर्तमान में संरक्षित समस्त गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में खुरपका-मुँहपका बीमारी से बचाव हेतु एफएमडी कार्यक्रम का पांचवां राउण्ड दिनांक 23.12.2024 से प्रारम्भ किया गया था, जिसके अन्तर्गत कुल-882000 पशुओं को एफएमडी लगाकर जनपद को संतृप्त किया गया।

नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजना
नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजना के अन्तर्गत जनपद में संचालित मा0 मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना के अन्तर्गत उन्नत नस्ल की गायों के पालन हेतु ई-लॉटरी के माध्यम से लक्ष्यानुरूप कुल 25 लाभार्थियों का चयन किया गया है। प्रत्येक लाभार्थी के द्वारा योजना के अन्तर्गत प्रदेश के बाहर से उन्नत नस्ल की कुल-02 स्वदेशी गायों का क्रय कर पालन किया जाना है, जिसमें प्रति लाभार्थी धनराशि रू०-80.000/- (रुपये अस्सी हजार मात्र) का अनुदान दिया जाना प्रस्तावित है। साथ ही नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजना के अन्तर्गत जनपद में संचालित स्वदेशी मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के अन्तर्गत उन्नत नस्ल की गायों के पालन हेतु ई-लॉटरी के माध्यम से लक्ष्यानुरूप कुल-04 लाभार्थियों का चयन किया गया है। प्रत्येक लाभार्थी के द्वारा योजना के अन्तर्गत प्रदेश के बाहर से उन्नत नस्ल की कुल-10 स्वदेशी गायों का क्रय कर पालन किया जाना है, जिसमें इकाई परियोजना लागत का 50 प्रतिशत, अधिकतम रू० 11.80 लाख की सीमा तक का अनुदान दिया जाना प्रस्तावित है।

बैंकयार्ड पोल्ट्री कार्यक्रम
कुक्कुट पालन के प्रोत्साहन हेतु बैकयार्ड पोल्ट्री कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद से अनुसूचित जाति की कुल-200 महिला लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया था। चयनित समस्त लाभार्थियों को निःशुल्क रूप से 50-50 चूजे उपलब्ध कराये गये थे तथा उनके भरण-पोषण हेतु दाना, चिकित्सा हेतु दवाई तथा रहने हेतु छप्पर बनवाने हेतु निर्धारित अनुदान धनराशि उपलब्ध कराते हुए लाभ प्रदान किया गया।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes