4 अगस्त को ग्वालियर में निकलेगी भव्य शोभा यात्रा, अचलेश्वर एवं गुप्तेश्वर महादेव पर चढ़ाई जाएंगी कांबड़े
हरिद्वार से नंदी रथ को पैदल खींचते हुए ग्वालियर आएंगे युवा श्रद्धालु
ग्वालियर, 26 जुलाई। मध्यप्रदेश में पहली बार निकाली जा रही नंदी रथ कांबड यात्रा के लिए सैकड़ों युवा श्रद्धालुओं का जत्था आज रात्रि हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। भोलेनाथ बाबा की भक्ति में डूबे ये युवा देवभूमि हरिद्वार में हर की पौड़ी से 501 लीटर गंगाजल लाकर ग्वालियर के प्राचीन शिव मंदिरों पर चढ़ाएंगे। यह नंदी रथ कांबड यात्रा 4 अगस्त को दोपहर 3 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। इस अवसर पर नगर में नंदी रथ कांबड यात्रा की भव्य शोभा यात्रा निकालने की तैयारियां की गई हैं।
बाबा अचलनाथ के परम भक्त एवं श्री अचलेश्वर मंदिर न्यास के सदस्य महेन्द्र भदकारिया, अनिल पुनियानी एवं लोकेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर से आज कांवड़ यात्रा पर गए युवा श्रद्धालु हरिद्वार से नंदी रथ को पैदल खींचते हुए ग्वालियर तक लाएंगे। एक भव्य आकर्षक नंदी रथ बनाया गया है। यह नंदी रथ भी हरिद्वार के लिए रवाना हुआ।
यह नंदी रथ कांबड यात्रा मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग़ करने वाले वीर जवानों, देश में कानून व्यवस्था की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले पुलिस सेवा के जांबाज योद्धाओं की आत्मा की शांति, ग्वालियर और मप्र सहित समग्र देश में सुख, समृद्धि, अमन चैन, खुशहाली, कर्तव्य पथ से भटके हुए लोगों को सदबुद्धि देने एवं ग्वालियर व्यापार मेला की उत्तरोत्तर उन्नति एवं इस वर्ष के मेला आयोजन में आने वाली व्याधियों को दूर करने की कामना के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने ग्वालियर में निकाले जाने वाले नंदी रथ कांवड़ यात्रा चल समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धा, भक्ति एवं आस्था से सराबोर यह नंदी रथ कान्बड़ शोभा यात्रा 4 अगस्त को दोपहर 3 बजे पड़ाव चौराहे से बाबा अचलनाथ के जयघोष के साथ प्रारंभ होगी एवं यहां से फूलबाग चौराहा, नदी गेट, इंदरगंज चौराहा होते हुए श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचेगी जहां हरिद्वार से लाई गई कांवड़ों के गंगाजल से बाबा अचलनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इस जलाभिषेक में सम्मिलित होकर पुण्यार्जन करने के लिए सभी शहरवासियों को सादर आमंत्रित किया गया है। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर कांवड़ों को चढ़ाने के उपरांत यहां से नगर के एक और प्राचीन शिव मंदिर श्री गुप्तेश्वर महादेव के लिए रवाना होगी। श्री गुप्तेश्वर महादेव जाने वाली नंदी रथ कांबड यात्रा का रूट सनातन धर्म मंदिर रोड, इंदरगंज चौराहा, पाटनकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, जनकगंज, हनुमान चौराहा, लक्ष्मीगंज, गोल पहाड़िया, गिरवाई थाना, तिघरा रोड होकर रहेगा। यहां श्रद्धालु श्री गुप्तेश्वर महादेव को कांबडे चढ़ाएंगे। हरिद्वार से कांवड़ों में भरकर लाए गए 151 लीटर गंगाजल से शिवाभिषेक किया जाएगा।
आज रात्रि श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर बाबा अचलनाथ के भक्तों, नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवियों, व्यापारियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं एवं ट्रस्ट सदस्यों ने विधिवत पूजा अर्चना कर श्री नंदी रथ कांबड यात्रा को धर्मध्वजा दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्री अचलेश्वर मंदिर न्यास के सदस्य महेन्द्र भदकारिया, अनिल पुनियानी, लोकेश शर्मा, राजीव चड्ढा, आशीष प्रताप सिंह राठौड़आशुतोष माहेश्वरी, , महेंद्र खत्री रंजीत पंजवानी और सोनू अस्ठानामंदिर के पुजारी गगन गौरव छोटे गुरु. राजेश पाराशर प्रदीप शर्माआदि प्रमुखजन उपस्थित थे। इस अवसर पर अचल भदकारिया ने कहा कि वे तो नंदी रथ कांबड यात्रा के निमित्त मात्र हैं। करने वाले अचलनाथ हैं और कराने वाले भी अचलनाथ हैं।



