आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता संपन्न।

औरैया –उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत गीत एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं तिलक महाविद्यालय औरैया के इंदिरा सभागार में सम्पन्न हुईं। विगत 26 जुलाई को देर शाम तक चले संस्कृत प्रतिभा खोज के इस कार्यक्रम के विषय में जनपद संयोजक डॉ0 गोविन्द द्विवेदी ने बताया कि कार्यक्रम अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 (डॉ0) रवि कुमार ने की।
गीत प्रतियोगिता के निर्णायक तिलक महाविद्यालय की संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो0(डॉ0) प्रीति वाधवानी एवं संस्कृत महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ0 अशोक कुमार द्विवेदी तथा संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के निर्णायक तिलक महाविद्यालय के संस्कृत प्राध्यापक डॉ0 अंशुल दुबे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण , दीप प्रज्वलन तथा संस्कृत महाविद्यालय औरैया के छात्र हर्षित और शिवांश मिश्र के स्वस्ति वाचन से हुआ । गोपाल पाण्डेय ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। इस अवसर पर संस्कृत महाविद्यालय औरैया के प्राध्यापक एवं प्रतियोगिता संयोजक डॉ0 गोविन्द द्विवेदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के नियमों पर प्रकाश डाला और कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति की संवाहिका है। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो0(डॉ0) सियाराम ने संस्कृत के बढ़ते महत्त्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ0 (प्रो0) रवि कुमार ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है , भारत में संस्कृत प्राचीन ज्ञान विज्ञान से परिचित होने के लिए संस्कृत सीखना अनिवार्य है। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ का ये प्रयास इसी दिशा में उठाया ठोस कदम है।
संस्कृत गीत में तीस एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान में विभिन्न विद्यालयों के छत्तीस विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
सभी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे निर्णायकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
गीत में डी. ए.वी.पब्लिक स्कूल गोल की दिव्या राजपूत को प्रथम सात्विकी मिश्रा सेंट फ्रांसिस आनेपुर को द्वितीय,शीतल नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज कैथवा औरैया को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ जब कि चौधरी विश्वंभर सिंह भारतीय बालिका इंटर कॉलेज औरैया की आयशा खातून,गरिमा गुप्ता व आनंदी कुशवाहा को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।
इसी प्रकार संस्कृत सामान्य ज्ञान में कु0नंदनी नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज कैथवा को प्रथम, वैदिक इंटर कॉलेज दिबियापुर के छात्र रुद्र प्रताप को द्वितीय, भगवानदास इंटर कालेज हरचंदपुर की छात्रा दिव्यांशी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ जब कि नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज कैथावा की छात्रा कविता कुमारी , एवं माला तथा भगवानदास इंटर कालेज हरचंदपुर की छात्रा छाया को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।
सभागार में उपस्थित तिलक महाविद्यालय समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों अभिभावकों ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी। वस्तुत: संस्कृत प्रतिभा खोज उन छात्रों के लिए वरदान है, जो आर्थिक कारणों से संस्कृत शिक्षा में आगे नहीं बढ़ पाते। इसलिए विद्यार्थियों को बढ़ चढ़ कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना चाहिए।



