आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ

औरैया 03 अगस्त 2025– मा0 राज्यमंत्री महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग/जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने यमुना नदी के लगातार बढ़़ते जलस्तर को दृष्टिगत रखते बाढ़ प्रभावित होने वाले ग्राम अस्ता में पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने ग्रामवासियों से बाढ़ एवं उससे होने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह आपके साथ है और लगातार नजर बनाए रखे हैं। उन्होंने भ्रमण के दौरान पानी के बढ़ते हुए यमुना नदी के जल स्तर को देखते हुए विस्तार पूर्वक जानकारी प्राप्त करने के उपरांत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है ऐसे स्थानों पर तत्काल नाव सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए लोगों को निचले स्थल से ऊंचे स्थान पर पहुंचाया जाए। उन्होंने ग्रामवासियों को बाढ़ राहत सामग्री किट/भोजन के पैकेट भी वितरित किए। उन्होंने ग्राम वासियों से स्वास्थ्य सेवाओ के संबंध में जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य सेवाओं को हर जरुरतमंदों को उपलब्ध कराने के लिए डाक्टरों की उपस्थित सुनिश्चित करने के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने संबंधितों को पशु हेतु चारा, दाना, पेयजल आदि मुहैया कराने के भी निर्देश दिए। मा0 राज्यमंत्री महोदया ने ग्राम वासियों के लिए विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जल स्तर घटने अथवा बाढ़ समाप्ति के उपरांत फसलों की हुई क्षति का भी आंकलन किया जाये, जिससे शासन को क्षतिपूर्ति हेतु समय से सूचना प्रेषित की जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डा0 इन्द्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, उप जिलाधिकारी सदर, नायब तहसीलदार, लेखपाल, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी आदि मौजूद रहे।



