
आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
शासन द्वारा संचालित कृषि क्षेत्र से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार- प्रसार कराते हुए अन्नदाताओं को कराएं लाभान्वित।
कृषि क्षेत्र से संबंधित संचालित योजनाओं द्वारा कराए गए कार्यों का सत्यापन कराते हुए प्रस्तुतिकरण किया जाए।
औरैया 11 अगस्त, 2025 / जिलाधिकारी डॉ0 इंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में कृषि विभाग द्वारा जनपद में संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में सामान्य तथा हाइब्रिड बीजों की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बीजों का वितरण निष्पक्षता के साथ किया जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक सीमांत और लघु किसानों को योजना का लाभ मिले। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अगली बैठक में विगत वर्ष में बड़े, सीमांत और लघु किसानों को दिए गए बीजों का विवरण भी प्रदर्शित किया जाए। बैठक में जनपद में खाद की उपलब्धता के सम्बन्ध में जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूरिया, डी ए पी, जिंक तथा फॉस्फेट आदि उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है और आगामी दो दिनों में उर्वरक की एक रैक और आने की संभावना है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा कीटनाशक और खरपतवार नाशक रसायनों में अनुदान दिया जाता है, जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रासायनिक और वायो कीटनाशक के बारे में किसानों को जागरूक किया जाए तथा रासायनिक कीटनाशकों का प्रयोग आवश्यकता के अनुसार करने के लिए भी जागरूक किया जाए। उन्होंने किसानों को जैविक खाद और जैविक खेती के बारे में जानकारी देते हुए प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित कृषि क्षेत्र से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार- प्रसार कराते हुए अन्नदाताओं को लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें, साथ ही कृषि क्षेत्र से संबंधित संचालित योजनाओं द्वारा कराए गए कार्यों का सत्यापन कराते हुए प्रस्तुतिकरण भी किया जाए।
जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि खेत तालाब योजना के अंतर्गत निर्मित तालाबों की जनपद स्तरीय जांच समिति का गठन कर जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन/किसानों तक पहुंचने के उद्देश्य से विकास खण्ड स्तर पर किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएं तथा सम्मेलनों में प्रगतिशील किसानों को भी आमंत्रित कर उनके अनुभवों को भी साझा कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, उप कृषि निदेशक शैलेन्द्र कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी सुनील तिवारी, भूमि संरक्षण अधिकारी विमलेश कुमार, एआर को-ऑपरेटिव संजीव गौतम, सहायक अभियंता लघु सिंचाई अजय कुमार शुक्ला, जिला प्रबंधक पीसीएफ प्रमोद कुमार , उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी हिमांशु रंजन श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



