चंदेरी के बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया

अतुल मल्होत्रा ब्यूरो रिपोर्ट
सहयोग के भरोसे के साथ पीड़ितों को दी आर्थिक मदद
राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण
अशोकनगर/चंदेरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर जिले के चंदेरी स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, आपदा पीड़ितों की समस्याओं को नजदीक से जाना, उनसे सीधे संवाद किया और राहत सामग्री भी वितरित की।
आपके परिवार का सदस्य आपके साथ है: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ने चंदेरी के अखाई घाट, शाजापुर, पोरू खेड़ी और अमरोद खेड़ी पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि आप लोग चिंता न करें, सरकार और प्रशासन मिलकर हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। आपका मुखिया इस कठिन समय में आपके साथ मजबूती से खड़ा है।
सुबह शिवपुरी, दोपहर अशोकनगर का दौरा
आज सुबह सिंधिया ने शिवपुरी जिले के कोलारस के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया और दोपहर में अशोकनगर के चंदेरी पहुंचकर किसानों और ग्रामीणों की पीड़ा साझा की एवं नुकसान का जायजा लिया।
प्रशासन को दिए निर्देश, जनता को दिलाया भरोसा
बाढ़ग्रस्त इलाकों के दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासन को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावितों को विश्वास दिलाया कि पुनर्निर्माण और सहायता कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
अशोकनगर के स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को केंद्रीय मंत्री सिंधिया देंगे बड़ी सौगात
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कल 23 अगस्त को अशोकनगर क्षेत्र की जनता के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु अपनी सांसद निधि से 50 लाख रुपए की लागत से खरीदी गईं 2 एम्बुलेंस को जनता को समर्पित करेंगे, जिसके तहत जिला चिकित्सालय अशोकनगर को 32 लाख रुपए की अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त एम्बुलेंस और सिविल अस्पताल चंदेरी की 18 लाख रुपए मूल्य की बेसिक लाइफ़ स्पोर्ट एंबुलेंस दी जाएगी। वहीं उनके अथक प्रयासों से पथरिया गाँव में हाल ही में प्रारंभ हुए केंद्रीय विद्यालय, जो वर्तमान में डाइट भवन में संचालित है और जहाँ लगभग 200 बच्चे अध्ययनरत हैं, को 2 आरओ वाटर प्यूरीफायर, 2 कंप्यूटर सिस्टम, संगीत यंत्र, खेल सामग्री और पुस्तकालय हेतु किताबें उपलब्ध कराई जाएँगी। केंद्रीय मंत्री की यह पहल अशोकनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।



