आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
*सदस्यता महाअभियान की कार्यशाला जनपद के विकास भवन मे सम्पन्न हुई*
*औरैया 10 सितंबर 2025*/ जनपद में दिनांक 12.09. 2025 से 12.10.2025 तक चलने वाले सदस्यता महाअभियान की कार्यशाला जनपद में सदस्यता महा अभियान में 25000 नये सदस्य बनाने के संकल्प के साथ जिला सहकारी विकास संघ लि० इटावा के अध्यक्ष/जनपद प्रभारी सदस्यता अभियान अभय सेंगर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। कार्यशाला में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता संजीव कुमार गौतम द्वारा उपस्थित समितियों के सचिवों, सभापति आदि को अवगत कराया कि जनपद में सहकारिता विभाग द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप बड़े पैमाने पर बदलाव किये जा रहे हैं। जनपद में कुल 79 पैक्स समितियों में से बरसों से 21 समितियां मृतप्राय हो चुकी थीं, जिन्हें उ०प्र० शासन की सहायता से दस लाख रू० की मदद प्राप्त कर सक्रिय किया जा चुका है। जनपद की 71 समितियों का कम्प्यूटराइजेशन किया जा रहा है। अभी तक दो समितियां बी-पैक्स अछल्दा तथा भैंसोल ई-पैक्स के रूप में परिवर्तित हो चुकी हैं। समितियों के कम्प्यूटराइज्ड हो जाने के पश्चात समितियों के कामों में पारदर्शिता आयेगी तथा सदस्यों को ऋण वितरण, सब्सिडी आदि में कम समय लगेगा। समितियों में उर्वरक की ओवररेटिंग रोकने के लिए विभाग द्वारा बैनर लगाये गये हैं, जिन पर विभिन्न फसलों के लिए कृषि विभाग द्वारा संस्तुत मात्रा, सचिव की उपस्थिति के दिवस तथा विभागीय अधिकारियों के मोबाइल नम्बर अंकित कराये गये हैं, जिसके अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। जनपद में ऐसी ग्राम पंचायतें जहां कोई समिति नहीं है अथवा समिति से ग्राम की दूरी अत्यधिक है ऐसी पंचायतों का चयन कर नई समितियां भी बनायी जा रही है। भविष्य में सहकारी समितियों को ऐसे केन्द्रों के रूप में विकसित किया जायेगा जहां कृषक सदस्यों को फसली ऋण, उर्वरक के साथ-साथ औषधि, कृषि उपकरण तथा विभिन्न वित्तीय जरूरतें पूरी हो सकें। सदस्यता अभियान में समितियों द्वारा कृषकों को सदस्य बनाते हुए सदस्यों को पासबुक बनायी जायेगी, जिस पर कृषक की जमीन का ब्यौरा दर्ज होगा तथा समिति से उर्वरक क्रय करते समय उन्हें मात्र पास बुक साथ लानी होगी। उन्हें बार-बार खतौनी की नकल लाने से मुक्ति मिलेगी तथा समितियों से आसानी से उर्वरक प्राप्त हो सकेगी।
कार्यशाला में इफको के क्षेत्र प्रबन्धक आशीष राठौर द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में पूरे सितम्बर माह में न्याय पंचायतों में नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी उर्वरकों के प्रचार प्रसार हेतु गोष्ठियां आयोजित की जा रही है, जिनमें कृषकों द्वारा उत्साह के साथ प्रतिभाग किया जा रहा है।
जिला सहकारी संघ लि० इटावा के अध्यक्ष अभय सेंगर द्वारा संबोधित किया गया कि जनपद में सहकारिता विभाग जल्द ही नये कलेवर में उपस्थित होगा। जनपद की सहकारी समितियों के जर्जर भवनों की मरम्मत कराने के लिए समितियों का चिह्नांकन किया जा चुका है। शासन से पैसा मिलते ही मरम्मत करायी जायेगी। उन्होंने समिति सचिवों का आवाहन किया कि कृषकों के बीच जाकर सदस्यता के मिले हुए लक्ष्यों की शतप्रशित पूर्ति सुनिश्चित करें। कृषकों को समितियों से जोड़ें ताकि कृषक सदस्य बनकर समिति से उर्वरक ऋण आदि आसानी से प्राप्त कर सकें। अन्त में इफको के क्षेत्र प्रबन्धक आशीष राठौर ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विभागीय अपर जिला सहकारी अधिकारी, शाखा प्रबन्धक, सहायक विकास अधिकारी तथा समितियों के सचिव भी उपस्थित रहे।



