आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
*कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आगामी त्योहार नवरात्रि, विजयदशमी, दीपावली एवं अन्य त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सम्भ्रांत व्यक्तियों,मौलवियों एवं धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की
*
*औरैया 21 सितम्बर 2025-* जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आगामी त्योहार नवरात्रि, विजयदशमी, दीपावली एवं अन्य त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सम्भ्रांत व्यक्तियों,मौलवियों एवं धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में सम्भ्रांत व्यक्तियों,मौलवियों एवं धर्मगुरुओं आदि ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर बात रखी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने में जिला प्रशासन पूर्ण रूप से चौकस रहेगा। उन्होंनेे जनपद वासियों से नवरात्रि, विजयदशमी, दीपावली एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की और कहा कि सभी लोगों को एक दूसरे के त्यौहारों का सम्मान करते हुए मिलजुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने – अपने त्यौहार को परम्परागत ढंग से ही मनाये कोई नयी परम्परा की शुरुआत न करें। उन्होंने कहा कि कोई ऐसा कार्य न करें जिससे किसी को ठेस पहुचे। उन्होंने त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में जो सुझाव दिए गए हैं उन पर गम्भीरता पूर्वक अमल करते हुए दुरुस्त कर लिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मन्दिरों व जुलूस आदि में आने वाली समस्याओं यथा- विद्युत तार, साफ-सफाई, जलभराव, प्रकाश व्यवस्था, छुट्टा पशु आदि के लिए आप द्वारा अवगत करा दिया गया है इस पर सम्बंधित अधिकारियों को समय रहते निर्देशित कर दिया गया है और उन्होंने आस्वस्त किया कि सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा ली जाएंगी। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि यदि अन्य कोई समस्या है तो उससे भी अवगत करा दें ताकि उसका भी निराकरण कराया जा सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को दुर्गा पूजा पण्डालों में गुणवत्तायुक्त विद्युत तारों के साथ उचित कनेक्शन करने, मूर्ति पण्डलों के पास सुरक्षा के दृष्टिगत आग बुझाने वालें संसाधनों, सीसीटीवी कैमरा का उपयोग किये जाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के लिए लगने वाले बड़े पंडालों में दो गेट बनाए जाएं जिसमें किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो सके।
उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि मंदिरों व मूर्ति विसर्जन वाले रूट पर सड़कों को गड्ढा मुक्त कराया जाए। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी/पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहे।उन्होंने अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया कि वह अपनी आग बुझाने वाली गाड़ियों को दुरुस्त रखें और यदि किसी प्रकार की कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि रावण दहन परंपरागत तरीके से किया जाए।
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/ नगर पंचायत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को मंदिरों एवं रामलीला मैदान में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्त संबंधित विभाग सतर्कता के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मूर्ति विसर्जन के लिए गड्ढा खुदवाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि त्योहारों की दृष्टिगत चिकित्सालय में दवाएं, एंबुलेंस, डॉक्टरों आदि की उपस्थित सहित आवश्यक व्यवस्थाएं कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को पटाखों की दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आयोजकों को अपने-अपने वालंटियर बनाने के भी निर्देश दिए जिससे किसी प्रकार की कोई समस्या न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आतिशबाजी की दुकानों को मानक के अनुसार ही लगाई जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के दौरान चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था का आश्वासन देते हुए कहा की त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए यद्यपि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रहेगी फिर भी उन्होंने स्थानीय लोगों से इस व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील किया तथा कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित किसी भी आशंका की स्थिति में वे स्थानीय पुलिस चौकी, थाने अथवा सीधा उनसे संपर्क कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति की ऊंचाई ज्यादा न रखें, डीजे को तेज ध्वनि/वाईब्रेटर ध्वनि का उपयोग न किया जाए एवं शांति के साथ मूर्ति का विसर्जन करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी संसाधनों के साथ पर्याप्त पुलिस बल पूरी तरह से सक्रिय रहेगा फिर भी किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए आप सभी का सहयोग अपेक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले को कतई बख्शा नहीं जाएगा एवं उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अराजक तत्वों पर निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए पाबन्ध किया जाए, दुर्गा पण्डालों में सार्वजनिक जगहो/सड़कों पर द्वार न बनाया जाए जिसे अवागमन बाधित हो, सुरक्षा/कानून व्यवस्था के दृष्टिगत फोटोग्राफी/वीडियों ग्राफी भी कराई जाए, जुलुस के साथ अनिवार्य रूप से पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और सभी तैयारियों की समीक्षा पहले से ही कर ली जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद , अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सुरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा, उप जिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत, उप जिलाधिकारी बिधूना गरिमा सोनकिया, उप जिलाधिकारी न्यायिक बिधूना अमित कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी न्यायिक अजीतमल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, अधिशासी अभियंता विद्युत, समस्त थानाध्यक्ष सहित विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरु व प्रतिष्ठित नागरिक आदि उपस्थित रहे।



