
ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्र सड़कों पर काम प्रारंभ करें और 15 दिवस में शहर की सड़क चकाचक दिखने लगे।
बाल भवन में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त श्री टी प्रतिक राव, श्री विजय राज, श्री प्रदीप तोमर, श्री मुनीष सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला, उपायुक्त श्री अमर सत्य गुप्ता, अधीक्षण यंत्री श्री जेपी पारा, सिटी प्लानर श्री ए पी एस जादौन सहित अन्य संबंधित अधिकारी कार्यपालन यंत्री सहायक यंत्री उपस्थित रहे।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने शहर की सड़कों को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों से चर्चा की तथा स्पष्ट निर्देश दिए की गारंटी पीरियड की सभी सड़कों पर पेंच रिपेयरिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण हो यह संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जिन सड़कों के वर्क आर्डर जारी हो गए है, उनमें अगले पांच दिवस में कार्य शुरू हो जाए। साथ ही जो सड़के स्वीकृत हो चुकी हैं और अनुबंध होना है उसमें तत्काल अनुबंध कर कार्य प्रारंभ कराए।
इसके साथ ही आगामी 6 अक्टूबर को भोपाल में होने वाली समीक्षा बैठक की तैयारी को लेकर बैठक के सभी बिंदुओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। जिसमें प्रधानमंत्री आवास, अमृत योजना, अमृत हरित अभियान, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य कई बिंदुओं पर जानकारी लेकर बैठक अनुसार जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए।



