

ग्वालियर से अतुल मल्होत्रा ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
10,800 लोगों को मिलेगी निर्बाध बिजली
विकास, समृद्धि और जीवन की सुगमता की नींवः सिंधिया
अशोकनगर/गुना/भोपाल केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कल शनिवार को अशोकनगर जिले के चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के फतेहाबाद में 5 MVA क्षमता वाले प्रस्तावित नए 33/11 kV विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। इस परियोजना की कुल लागत ₹2.08 करोड़ है।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम
सिंधिया ने इस अवसर को क्षेत्र की जनता को स्थायी, स्थिर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल बिजली का एक उपकेंद्र नहीं है, बल्कि इस क्षेत्र के विकास, समृद्धि और जीवन की सुगमता की नींव है। इस परियोजना के तहत 1.3 किमी 33 kV लाइन और 0.5 किमी 11 kV लाइन बिछाने का कार्य भी किया जाएगा।
10 गांवों को मिलेगा लाभ
विदित रहे कि इस उपकेंद्र से चंदेरी नगर के वार्ड नं. 21, 19 और 18 के साथ-साथ टगरी, बांकलपुर, हलनपुर, बराई, मोहनपुर खुर्द, भोजपुर, दविया, गुडावली, देवलखों और पछताना सहित 10 आस-पास के गाँवों के 10,800 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि पहले इन वार्डों और गाँवों को चंदेरी उपकेंद्र से बिजली मिलती थी, जो लगभग 4.5 किलोमीटर दूर स्थित था, जिसके कारण ओवरलोडिंग, बार-बार बिजली कटौती (Frequent Interruptions) और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्याएँ बनी रहती थीं, खासकर रबी के सीजन में।
केन्द्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि फतेहाबाद उपकेंद्र के चालू होने से ये सभी समस्याएँ प्रभावी ढंग से हल हो जाएँगी और पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता में सुधार होगा। सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना किसानों, छात्रों और व्यापारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और उन्हें अपने लक्ष्यों को बिना किसी रुकावट के प्राप्त करने में मदद करेगी। उन्होंने जनता से इस नई सुविधा का समुचित उपयोग करने और बिजली को व्यर्थ न करने का आह्वान किया।
ग्वालियर से अतुल मल्होत्रा की रिपोर्ट



