अमरोहा, पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद के निर्देशन में “NCL Awareness 2.0” अभियान के तहत थाना सैदनगली पुलिस द्वारा कस्बा सैदनगली स्थित कैरियर प्वाइंट लाइब्रेरी में नये आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नये आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 (BSA)—की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने किया कि इन कानूनों का मुख्य उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुलभ, पारदर्शी, त्वरित एवं जनकेन्द्रित बनाना है, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके।
नये कानूनों में जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर, महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित नये प्रावधान, प्रौद्योगिकी एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों का अनिवार्य उपयोग, तथा पीड़ित-केंद्रित न्याय प्रणाली जैसी सुधारात्मक व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है, जो न्याय को अधिक मानवीय एवं आधुनिक बनाती हैं।
कार्यक्रम के बाद “नये आपराधिक कानूनों की समझ और उनका महत्व” विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता से कानून की उपयोगिता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश प्रसारित किया। प्रतियोगिता में 48 छात्राओं ने भाग लिया। विजेताओं में प्रथम स्थान आकाश सैनी, द्वितीय स्थान देबू गुर्जर एवं तृतीय स्थान निधि को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
लाइब्रेरी प्रशासन एवं शिक्षकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी एवं नैतिक चेतना का विकास करते हैं। थाना अध्यक्ष सैदनगली विकास कुमार के नेतृत्व में यह आयोजन संपन्न हुआ।



