आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
*ग्राम पंचायत कंचौसी में निर्माण कार्य का उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को न भेजने पर जिला युवा कल्याण अधिकारी को चेतावनी जारी करने के दिए निर्देश*
*ग्राम पंचायत हरदू में निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता व प्रगति अपेक्षा के अनुरूप न होने पर ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर के दिए निर्देश।*
*पूर्ण योजनाओं का जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति के माध्यम से निरीक्षण कराते हुए हस्तांतरण की कार्यवाही करें सुनिश्चित।*
*निर्माणाधीन परियोजनाओं में गुणवत्ता के साथ- साथ समय की प्रतिबद्धता करें सुनिश्चित।*
*औरैया 18 नवम्बर 2025-* ग्राम पंचायत कंचौसी में निर्माणाधीन ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण में हुए व्यय धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र समय से शासन को प्रेषित न करने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी को चेतावनी निर्गत करने तथा कल तक निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं मानकों की सुनिश्चिता करने हेतु गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति के अनुमोदन के उपरांत उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को प्रेषित करने के जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं जिला अनुश्रवण समिति की कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में समीक्षा के दौरान निर्देश दिए।
जनपद में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को पूर्ण परियोजनाओं के संचालन, समय के उपरांत तथा अपूर्ण परियोजनाओं को पूर्ण कराते हुए ग्रामीण क्षेत्र में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। आवास विकास परिषद द्वारा पूर्ण निर्माण कार्यों में 07 दिन के अंदर विद्युत कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय हरदू के निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ-साथ कार्य पूर्ण हेतु निर्धारित समय अवधि में पूर्ण न करने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने समीक्षा के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन, वील रिटेशन यार्ड, शॉपिंग कांपलैक्स, बहुउद्देशीय हाल, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय आदि निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति के द्वारा निरीक्षण कराते हुए उन्हें संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूर्ण करायें जिससे निर्माण कार्यों को उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि समय सीमा के उपरांत लंबित परियोजनाओं तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं में गुणवत्ता व मानक के साथ-साथ समयबद्धता भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने पूर्वदशम तथा दशमोत्तर छात्रवृत्ति की समीक्षा करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रतिदिन लंबित प्रकरणों की सूचना उपलब्ध करायें। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को भी निर्देश दिए कि महाविद्यालयों में लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के निस्तारण हेतु स्वयं संबंधित महाविद्यालय से संपर्क कर प्रकरणों का निस्तारण करायें। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि विद्यालयों द्वारा लाॅक डाटा का परीक्षण कराते हुए एक सप्ताह के अंदर कार्यवाही पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुरेन्द्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनायक शर्मा,अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह , जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी,अधिशाषी अभियंता विद्युत सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



