फेसबुक लाइव : पेंशन और बीमा योजनाओं से जुड़े विषयों पर संवाद आज शाम 4 बजे से
कलेक्टर जबलपुर फेसबुक पेज से जुड़कर नागरिक बता सकेंगे अपनी कठिनाई.
अधिकारी देंगे प्रश्नों के जबाब.
जबलपुर – शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी कठिनाइयों का निराकरण करने के उद्देश्य से फेसबुक लाइव का चौथा कार्यक्रम आज बुधवार 7 जनवरी को शाम चार बजे से होगा। फेसबुक लाइव पर इस बार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से जुड़ी कठिनाइयों पर नागरिकों से चर्चा होगी।
जिला प्रशासन के आधिकारिक फेसबुक पेज “कलेक्टर जबलपुर” पर प्रसारित होने वाले फेसबुक लाइव के इस कार्यक्रम से जुड़कर जिले के नागरिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही इन योजनाओं से संबंधित अपनी कठिनाइ और जिज्ञासा का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे।
फेसबुक लाइव के इस कार्यक्रम में प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय आशीष दीक्षित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े प्रश्नों का जबाब देंगे। वहीं, लीड बैंक मैनेजर दिवाकर ठाकुर द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना से जुड़ी नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा।
फेसबुक लाइव पर आम नागरिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से जुड़े अपने प्रश्न कमेंट्स के माध्यम से कर सकेंगे।


