विनय बाल मंदिर में मना वसंतोत्सव, थाना प्रभारी ने बच्चों को बाल अपराधों के प्रति किया जागरुक
खरगोन, शहर के जैतापुर क्षेत्र में संचालित हो रहे विनय बाल मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल में वसंतोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थाना प्रभारी सुदर्शन, स्कूल संचालिका श्रीमती कविताअत्रे, प्राचार्य ने वीणा वादिनी, ज्ञान की देवी सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर बच्चां को वसंतोत्सव की शुभकामनाएं दी। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर सरस्वती वंदना की।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी सुदर्शन ने विद्यार्थियों को सायबर क्राइम और बाल अपराधों के प्रति जागरुक एवं सतर्क करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहने के बजाय किताबों को समय दें। किताबी ज्ञान हमेशा याद रहेगा, जबकि सोशल मीडिया का ज्ञान पलभर में बदलता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में फ्रॉड के नए- नए तरीके अपनाए जा रहे है। इसलिए सोशल मीडिया पर कम से कम तस्वीरें अपलोड करें। परिजनों को यदि कोई डिजीटल अरेस्ट जैसा कॉल जाए तो परिजनों को सावधान करें। यह फर्जी कॉल होते है। पुलिस ऐसा कोई कॉल नही करती। संचालक अत्रे ने कहा कि विद्या और बुद्धि की देवी माँ सरस्वती की कृपा से ही अज्ञानता का अंधकार दूर होता है। बसंत पंचमी का यह त्योहार हमें जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और निरंतर सीखने की प्रेरणा देता बसंत के आगमन के प्रतीक के रूप में विद्यालय को पीले फूलों से सजाया गया था।


