उज्जैन: दुष्कर्म का आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार, चिंतामन पुलिस की त्वरित कार्रवा
उज्जैन के चिंतामन थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अमन चौहान (25) ने करीब 4 महीने पहले पीड़िता के घर में घुसकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया था और उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
डर के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही, लेकिन 17 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद 18 अप्रैल को चिंतामन थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और ग्राम चांदमुख से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हेमराज यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। उज्जैन पुलिस ने महिला अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।



