दुद्धी में एनएच-39 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक की मौत, चार अन्य घायल,दो रेफर
आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।
दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के एनएच-39 रीवा-रांची दुद्धी-विंढमगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाबर गांव के पुरानी बैरियर के समीप शुक्रवार रात्रि करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुद्धी रेलवे स्टेशन से सवारी लेकर महुली विंढमगंज जा रहे टेंपो यूपी63टी9112 को सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो के पर परखच्चे उड़ गए और टेंपो पर चालक सहित सवार पांचों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्षेत्र भ्रमण पर निकली कोतवाली पुलिस के वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल एंबुलेंस 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सक डॉ वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार के दौरान चालक विवेक कुमार (30)पुत्र जमुना राम ग्राम दिघुल को मृत घोषित कर दिया गया।
अन्य घायलों में मो. सफीक आलम (55) पुत्र मो. हनीफ निवासी महुली और उनकी पत्नी जयगुन (60) को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं चंदन (30) पुत्र राजेंद्र निवासी जाताजुआ और राजेश (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद शर्मा निवासी बघमंदवा का सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी है। सभी घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि टेंपो दुद्धी रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर महुली विंढमगंज जा रहा था, तभी जाबर गांव के पास अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। चालक विवेक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार घायल हैं। यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, कोई अन्य समस्या नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



