*लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर किसान से फिरौती मांगने वाला सेना का जवान गिरफ्तार
ताल/रतलाम: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां देश की रक्षा करने वाले एक सैन्य जवान पर ही उगाही और धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामला ताल थाना क्षेत्र का है, जहां एक जवान ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर एक किसान से लाखों की फिरौती मांगी।
*क्या है पूरा मामला?*
मिली जानकारी के अनुसार, आलोट तहसील के ग्राम कल्लुखेडी का निवासी भीमसिंह पिता ईश्वरसिंह राजपूत, जो वर्तमान में भारतीय सेना में पदस्थ है, ने इस वारदात को अंजाम दिया। भीमसिंह ने 26 अप्रैल की रात करीब 12:27 बजे ग्राम मीनावदा के एक 42 वर्षीय किसान को फोन किया।
आरोपी ने फोन पर किसान को धमकाते हुए कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है और उसे 2 लाख रुपये की फिरौती देनी होगी। आरोपी ने सीधे शब्दों में चेतावनी दी, “रुपयों की व्यवस्था कर लेना, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा।”
*सामने आने पर भी दी धमकी*
पीड़ित किसान ने बताया कि जब वह गांव में आरोपी भीमसिंह से मिला, तो आरोपी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। उसने न केवल फोन करने की बात कबूली, बल्कि दोबारा गैंग का नाम लेकर किसान को सरेराह धमकाया। इस घटना से किसान और उसका परिवार बुरी तरह दहशत में आ गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली।
*पुलिस की कार्रवाई*
ताल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कदम उठाए हैं। पुलिस ने आरोपी जवान भीमसिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) और 351(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
*थाना प्रभारी का बयान:* “आरोपी चूंकि भारतीय सेना में कार्यरत है, इसलिए कानून सम्मत कार्रवाई के साथ-साथ उसकी संबंधित सैन्य यूनिट को भी इस आपराधिक कृत्य की आधिकारिक सूचना भेजी जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।”



