नगर निगम आयुक्त का सख्त रुख, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
निगमायुक्त ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण
ग्वालियर दिनांक 30 अप्रैल 2026 – नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट संदेश दिया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और कार्यों की प्रगति पर असंतोष भी जताया।
निगमायुक्त श्री संघ प्रिय ने सबसे पहले ने गोले के मंदिर पर निगम द्वारा बनाये जा रहे कन्वेंशन सेंटर का जायजा लिया। यहां निर्माण कार्यों में देरी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार एवं सहायक यंत्री श्री अमित गुप्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके पश्चात निगमायुक्त ने सचिन तेंदुलकर मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क को बारिश से पहले मोटरेबल बनाया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी की ओर से श्री अनिल चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद निगमायुक्त श्री संघ प्रिय ने सिरोल स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रोजेक्ट पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मई माह के दूसरे पखवाड़े तक आवासों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर मकानों का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने परियोजना में निर्मित दुकानों की रजिस्ट्री भी शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवास सेक्टर में विद्युत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान नोडल श्री मनीष यादव, सहायक यंत्री श्री रामबाबू दिनकर एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में निगमायुक्त ने मोती महल स्थित निगम म्यूजियम के कार्य को देखा तथा निर्देश दिए कि म्यूजियम के ग्राउंड गैलरी के कार्य सहित अन्य कार्यों को 30 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी प्लानर श्री महेन्द्र अग्रवाल सहित संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।
निगमायुक्त श्री संघ प्रिय ने कहा कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित मॉनिटरिंग करें और जहां भी बाधाएं हों, उन्हें तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर के विकास में किसी भी प्रकार की देरी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
सूचना क्र./629/



