उज्जैन/उन्हेल पुलिस ने 6 घंटे में नाबालिग बालिका को सुरक्षित ढूंढ निकाला

उज्जैन/उन्हेल पुलिस ने 6 घंटे में नाबालिग बालिका को सुरक्षित ढूंढ निकाला

उन्हेल। उज्जैन जिले में गुमशुदा बच्चों की खोज के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत उन्हेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक लापता नाबालिग बालिका को शिकायत दर्ज होने के मात्र 6 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। घटना 4 मई की है, जब ग्राम पिपलिया डाबी निवासी एक पिता ने अपनी पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी को आशंका थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है।

रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक रंजन और एसडीओपी भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित घेराबंदी के आधार पर पुलिस ने बालिका को खोज निकाला और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी संतोष चौहान के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में आरक्षक रामेश्वर पटेल और अखिलेश यादव की विशेष भूमिका रही। कम समय में बालिका को बरामद करने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes