रिश्तेदार ही निकला चोर: नीलगंगा पुलिस ने सुलझाई 5.62 लाख की चोरी की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर में हुई करीब 5.62 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी शशिकांत उर्फ गोलू और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ा गया बाल अपचारी फरियादी का रिश्तेदार निकला, जिसने घर की जानकारी होने का फायदा उठाकर अपने साथी के साथ मिलकर छत के रास्ते वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5.30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 32 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील और उनकी टीम की इस त्वरित कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस अब आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।



