Skip to main content

Aaj Tak24x7

सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के लिए एसएसपी ग्वालियर ने यातायात के पुलिस अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक*

*सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के लिए एसएसपी ग्वालियर ने यातायात के पुलिस अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

 

ग्वालियर, 10 मई 2026। सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में यातायात पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में अति पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) अनु बेनीवाल(भापुसे), डीएसपी यातायात ग्वालियर अजीत सिंह चौहान, यातायात थाना प्रभारी कम्पू निरीक्षक डॉ. के.पी.एस. तोमर, यातायात थाना प्रभारी झांसी रोड निरीक्षक धनंजय शर्मा, यातायात थाना प्रभारी गोला का मंदिर सूबेदार अभिषेक रघुवंशी सहित यातायात के सहायक उप निरीक्षक एवं उससे ऊपर स्तर के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकी संसाधनों के उपयोग से न केवल ड्यूटी के दौरान यातायात कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि यातायात नियमों के पालन में पारदर्शिता एवं दक्षता भी आती है। इसलिए यातायात के सभी अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी के दौरान लगातार बॉडी वॉर्न कैमरा लगाकर रखेंगे।

 

बैठक में यातायात पुलिस द्वारा की जा रही चालानी कार्यवाही, तकनीकी संसाधनों के उपयोग तथा यातायात थानों में उपलब्ध पुलिस बल की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा माह जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक की गई चालानी कार्यवाही का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को कार्य में और अधिक सुधार लाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पीओएस मशीनों की उपलब्धता एवं उनमें ऑनलाइन भुगतान सुविधा की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिन मशीनों में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, उनके निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक के दौरान यातायात के तीनों थानों में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपलब्धता का आकलन करते हुए जिन थानों में पुलिस बल की कमी पाई गई, वहां शीघ्र अतिरिक्त बल उपलब्ध कराने का आश्वासन भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया। बैठक में उन्होंने कहा कि चालानी कार्यवाही के दौरान संयम, शालीनता एवं संवेदनशीलता बनाए रखते हुए कार्यवाही की जाए। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट वाहन, ब्लैक फिल्म लगे वाहन, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in