देवर पर 5 साल से प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों के आरोप, महिला ने एसपी ऑफिस पहुंचकर मांगी सुरक्ष
उज्जैन। शहर के आगर नाका क्षेत्र निवासी पिंकी प्रजापत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने देवर हेमंत प्रजापत और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि पिछले 5-6 वर्षों से उसे और उसके परिवार को लगातार मारपीट कर साथ ही जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। महिला ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, हेमंत प्रजापत शराब के नशे में आए दिन घर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट करता है। महिला का आरोप है कि वह उसके पति, चार बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी लगातार धमकाता है। महिला ने यह भी बताया कि उसकी सास ने जीवित रहते कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायतें दी थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
महिला का आरोप है कि 13 जुलाई की रात हेमंत प्रजापत अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। विरोध करने पर मकान अपने नाम करने का दबाव बनाया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है। बच्चों की पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर भी इसका असर पड़ रहा है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और वर्षों से लंबित शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग की है।


