नशा मुक्ति जनजागृति अभियान – ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’*

*नशा मुक्ति जनजागृति अभियान – ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’*

*युवा, विद्यार्थी, व्यापारी और ग्रामीण हुए नशे के खिलाफ एकजुट, ग्वालियर पुलिस ने दिलाया नशामुक्त समाज का संकल्प*

 

🔴 *आयुर्वेदिक कॉलेज आमखो में सीएसपी इंदरगंज ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से किया जागरूक।*

🔴 *आमजनों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय।*

🔴 *जिलेभर के थाना क्षेत्रों में पंपलेट वितरण, संवाद कार्यक्रम और सामूहिक शपथ का हुआ आयोजन।*

 

ग्वालियरः 25.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 25.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर तथा अभियान की नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रोें में महिला बाल विकास के एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा ग्राम व नगर रक्षा समिति के सदस्यों की भागीदारी कर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया और सार्वजनिक स्थानों पर नशा मुक्ति जागरूकता हेतु हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

 

*युवाओं को नशे के दलदल से बचाना ग्वालियर पुलिस की प्राथमिकताः सीएसपी रॉबिन जैन*

 

इसी क्रम में आज दिनांक 25.07.2026 को ‘‘नशा मुक्ति अभियान 2.0‘‘ के तहत पुलिस थाना कंपू क्षेत्र के आयुर्वेदिक कॉलेज आमखो में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के दौरान सीएसपी इंदरगंज श्री रॉबिन जैन, थाना प्रभारी कंपू अमर सिंह सिकरवार, उप निरीक्षक सुनरेखा कुशवाह, उप निरीक्षक देवेन्द्र भगोरिया, प्रधान आरक्षक राजकुमार राठौर, आरक्षक अजब सिंह एवं आरक्षक नवल सिंह चंद्रवंशी द्वारा उपस्थित लगभग 300 छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने युवाओं को उन्हें शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस तथा अन्य घातक ड्रग्स से दूर रहने की समझाइश दी।

 

इस अवसर पर सीएसपी इंदरगंज श्री रॉबिन जैन ने अपने संबोधन में छात्रों को सचेत करते हुए कहा कि नशा आज के समय में हमारे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, उनके स्वास्थ्य और परिवार पर बहुत बुरा असर डालता है। नशा करने वाला व्यक्ति केवल अपना ही नहीं, बल्कि समाज और देश का भी भारी नुकसान करता है। युवाओं को जागरूक करना और उन्हें इस सामाजिक बुराई से बचाना ही ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने ग्वालियर पुलिस की नशामुक्त हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए सभी से अपील की कि वे नशे के अवैध कारोबारियों की सूचना पुलिस को दें, और भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रिंसिपल और सभी छात्र-छात्राओं को जीवन भर नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ दिलाई।

 

*ग्राम हस्तिनापुर में चौपाल और पंपलेट वितरण-*

 

थाना हस्तिनापुर पुलिस टीम द्वारा आज ग्राम हस्तिनापुर के सार्वजनिक स्थल पर एक विशेष चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधान आरक्षक ओंकार सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि नशा किस प्रकार हंसते-खेलते परिवारों को आर्थिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर देता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस सामाजिक बुराई से दूर रखें। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा पूरे गांव के प्रमुख चौराहों और दीवारों पर जागरूकता से संबंधित रंगीन पंपलेट चिपकाए गए और अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों को जीवनभर नशामुक्त रहने तथा एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

 

*शासकीय विद्यालय चक दंगियापुरा में गूंजा नशामुक्ति का संदेश-*

 

इसी प्रकार थाना बेहट पुलिस के नेतृत्व में ग्राम चक दंगियापुरा स्थित शासकीय विद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला प्रधान आरक्षक प्रतिभा कुशवाह ने प्राचार्यों और छात्र-छात्राओं को नशे के आधुनिक और पारंपरिक स्वरूपों के प्रति सचेत करते हुए बताया कि छात्र जीवन में दृढ़ संकल्प कितना जरूरी है। पुलिस टीम ने स्कूल परिसर में ज्ञानवर्धक पंपलेट चस्पा किए, ताकि छात्र रोज़ इन संदेशों को पढ़कर प्रेरित हो सकें। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने नशीले पदार्थों से हमेशा दूरी बनाए रखने की विधिपूर्वक शपथ ली।

 

*बैंड मार्केट में कोतवाली पुलिस ने दी व्यापारियों को नशा मुक्ति की समझाइश-*

 

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र बैंड मार्केट, ग्वालियर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विनोद विनायक करकरे ने बाजार के व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को एकत्रित कर नशे के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। उन्होंने व्यापारिक वर्ग से अपील की कि वे अपने कार्यस्थलों के आसपास नशामुक्त माहौल बनाने में पुलिस का सक्रिय सहयोग करें। कार्यक्रम के अंत में बाजार परिसर में उपस्थित सभी आम नागरिकों और व्यापारियों को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

 

*कमानी पुल पर थाना जनकगंज पुलिस ने चलाया नशामुक्ति जागरूकता अभियान*

 

थाना जनकगंज पुलिस द्वारा कमानी पुल क्षेत्र में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज एवं परिवार पर पड़ने वाले इसके दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया और नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने एवं स्वयं भी नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

 

इसी प्रकार ग्वालियर जिले के अन्य थाना क्षेत्र में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाकर छात्र-छात्राओं तथा स्टॉफ एवं आमजनों को नशे के प्रति जागरूक किया गया और जागरूकता बैनर लेकर और शपथ पत्रों के माध्यम से यह संदेश दिया कि वह स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे तथा नशा मुक्ति हेतु जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in