*सोनभद्र: लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 1 बदमाश घायल, 1 गिरफ्तार, बाइक-तमंचाऔर नगद राशि बरामद
*शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से लूट के आरोपियों पर कार्रवाई, गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी*
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*
*बभनी,सोनभद्र।* बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में 18 जुलाई को सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार से हुई लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 1 बदमाश घायल हुआ और 1 को गिरफ्तार किया गया।
क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी के अनुसार, सुबह करीब 3:27 बजे मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बभनी दिनू प्रसाद यादव और म्योरपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह टीम के साथ शीशटोला जंगल में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रघुनाथनगर, छत्तीसगढ़ की ओर से आ रही बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पीछा करने पर मगरमाड़ तिराहे के पास उनकी बाइक गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने झाड़ियों से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में रमेश साकेत, 34 वर्ष, निवासी कनई, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली, मध्य प्रदेश के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उसके साथी मनोज साकेत, 30 वर्ष, निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली को मौके से दबोच लिया गया।
तलाशी में आरोपियों के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नगदी बरामद की गई।
पूछताछ में रमेश साकेत ने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 जुलाई को शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात की थी। लूट की रेकी मनोज साकेत ने की थी और रकम में चारों आरोपियों को 10-10 हजार रुपये मिले थे।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।



