*केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दतिया उपचुनाव में भरी हुंकार, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब
*“जान जाए पर वचन न जाए”; दतिया से किए हर वादे पूरे किए, अब विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए कमल खिलाइए: सिंधिया*
*दतिया ने ठाना है, नरोत्तम- आशुतोष की जोड़ी को जिताना है: सिंधिया*
*ग्वालियर–भिंड–इटावा फोरलेन हाईवे के भूमिपूजन की घोषणा, बड़ौनी में ₹200 करोड़ के विद्युत प्लांट से लेकर ₹100 करोड़ के एयरपोर्ट तक गिनाईं विकास की सौगातें*
*दतिया/ग्वालियर/भोपाल – 24 जुलाई (शुक्रवार)।* केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज दतिया विधानसभा उपचुनाव के अंतर्गत बड़ौनी में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जनता के समक्ष भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई और भारी बहुमत से कमल खिलाने की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस चुनाव रूपी रण का योद्धा है और यह चुनाव विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का चुनाव है।
*“दिल से दिल का रिश्ता है, जीवनभर आपके परिवार का सदस्य बनकर रहूंगा”*
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने संबोधन में कहा कि उनका, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और जनता का संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि दिल से दिल का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि जीवन के हर पड़ाव पर सिंधिया परिवार का यह सदस्य जनता के साथ खड़ा रहेगा और क्षेत्र के विकास के लिए अपना खून-पसीना एक कर देगा। उन्होंने अपनी आजी अम्मा राजमाता विजयाराजे सिंधिया को स्मरण करते हुए कहा कि वे नवरात्रि के दौरान दतिया में साधना करती थीं और आज उन्हीं का आशीर्वाद उन्हें जनता की सेवा का अवसर दे रहा है।
*“जो वचन दिया, उसे निभाया”, दतिया के विकास की गिनाईं उपलब्धियां*
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्षों पहले चुनाव प्रचार के दौरान जनता ने उनसे दतिया में ताज एक्सप्रेस के स्टॉपेज, केंद्रीय विद्यालय और बेहतर बिजली व्यवस्था की मांग की थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल ताज एक्सप्रेस ही नहीं, बल्कि झेलम एक्सप्रेस का भी स्टॉपेज दिलाया, दतिया में केंद्रीय विद्यालय स्थापित कराया और बड़ौनी में लगभग ₹200 करोड़ की लागत से विद्युत परियोजना स्थापित कर बिजली व्यवस्था को सशक्त बनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दतिया में विकास की अभूतपूर्व गति आई है। नगर विमानन मंत्री रहते हुए उन्होंने दतिया में लगभग ₹100 करोड़ की लागत से एयरपोर्ट का निर्माण कराया, जिसका उद्घाटन स्वयं प्रधानमंत्री ने किया। इसके अलावा 200 करोड़ का मेडिकल कॉलेज, 350 करोड़ का वेटरिनरी कॉलेज, सीएम राइज स्कूल, सीवर परियोजनाओं तथा पेयजल योजनाओं सहित अनेक विकास कार्यों से दतिया की तस्वीर बदली है।
*“कांग्रेस ने केवल जेबें भरीं, भाजपा ने विकास किया”*
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्ष 2018 में बनी कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई क्योंकि उसके नेताओं का ध्यान केवल अपनी जेबें भरने पर था। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने पिछले दो दशकों में दतिया सहित पूरे प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि पहले दतिया की सड़कें गड्ढों से भरी रहती थीं, लेकिन आज भाजपा सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की सड़कों से जोड़ दिया है।
*मोदी सरकार ने बढ़ाया भारत का गौरव, प्रदेश में विकास को मिली नई गति*
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का सम्मान और स्वाभिमान विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। विश्व के बड़े-बड़े देश कठिन परिस्थितियों में भारत और प्रधानमंत्री मोदी की ओर समाधान के लिए देखते हैं। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण की अनेक योजनाएं भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण हैं।
*30 जुलाई को दतिया में खिलेगा कमल*
अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जनता से 30 जुलाई को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नरोत्तम और आशुतोष की जोड़ी को विजयी बनाकर दतिया में विकास का यह रथ निरंतर आगे बढ़ाना है। यह चुनाव केवल एक विधायक चुनने का नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करने का चुनाव है।



