मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी को दी विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात, 44 कार्यों का लोकार्पण एवं 15 विकास कार्यों का भूमिपूजन
निवाड़ी, 26 जुलाई।
जिला निवाड़ी के खेल मैदान में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य विकास एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के समग्र विकास को नई गति प्रदान करते हुए लगभग ₹45.61 करोड़ की लागत से निर्मित 44 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें ₹25.63 करोड़ की लागत से निर्मित संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट भवन तथा ₹19.98 करोड़ की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय भवन प्रमुख हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने लगभग ₹84 करोड़ की लागत के 15 विकास कार्यों का भूमिपूजन कर जिले के विकास की नई आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिल तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि निवाड़ी जिले को मिली यह विकास परियोजनाएं क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।



