*गुरु पूर्णिमा पर गायत्री परिवार का भव्य आयोजन, यज्ञ-वृक्षारोपण से गुंजा कल्याण मंड*
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*
*विंढमगंज, सोनभद्र।* गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को विंढमगंज के कल्याण मंडप में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम एवं वृक्ष वितरण का आयोजन किया गया। वहीं श्री राम मंदिर, बाबा मनमोहन दास आश्रम में भी श्रद्धालुओं की गुरु दर्शन के लिए तांता लगा रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वैदिक मंत्रोच्चार, गुरु वंदना और गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने वेदमाता गायत्री एवं युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ता शिव कुमार और विजय कुमार ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने वाले पथप्रदर्शक होते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति का नैतिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास संभव है। उन्होंने गायत्री परिवार के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संस्कारयुक्त समाज के निर्माण पर बल दिया।
इस अवसर पर सामूहिक यज्ञ, गायत्री मंत्र जप और प्रार्थना का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लेकर विश्व शांति, मानव कल्याण और राष्ट्र की समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की विशेष भागीदारी रही, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हुलास राम यादव, रामदास कुशवाहा, उमेश जायसवाल, डॉ. रूपनारायण गुप्ता, महेश कुशवाहा, शिव कुमार कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव और प्रेम कुशवाहा सहित गायत्री परिवार के अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


