फरिश्ता बने डीएम-एसपी: वर्दी में इंसानियत की मिसाल, तत्परता से मौत के मुंह से लौटा बाइक सवार
सोनभद्र में हाइवे पर घायल को स्कॉर्ट गाड़ी से अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट
सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर शनिवार दोपहर गुरमुरा के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रह गया।
ठीक इसी समय संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने दुध्दी जा रहे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा का काफिला मौके से गुजर रहा था। सड़क किनारे पड़े घायल को देखते ही दोनों अधिकारियों ने तुरंत काफिला रुकवाने का आदेश दिया।
सूचना विभाग के अनुसार, डीएम और एसपी खुद गाड़ी से उतरे। घायल की गंभीर स्थिति को भांपते हुए उन्होंने प्रोटोकॉल को एक तरफ रखकर मानवता को प्राथमिकता दी। अपने स्कॉर्ट वाहन को एंबुलेंस बनाकर घायल को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।
अस्पताल रवाना करने से पहले दोनों अधिकारियों ने मौजूद चिकित्सा कर्मियों को निर्देशित किया कि घायल के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और उसे हर संभव चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
डीएम-एसपी की इस सूझबूझ भरी पहल से घायल को समय पर उपचार मिल सका। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने अधिकारियों की दरियादिली की खूब सराहना की। लोगों का कहना था कि वर्दी के साथ बड़ा दिल भी होना चाहिए, जिसकी जीती-जागती मिसाल आज सोनभद्र में देखने को मिली।



