ग्वालियर दक्षिण में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का शुभारंभ, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
ग्वालियर, 6 अगस्त।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के माननीय कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने गुरुवार को ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के माधौगंज स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रभु उपहार भवन में आयोजित ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत संस्थान द्वारा संचालित देशव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि नशे से मुक्त समाज ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक इस अभियान का सक्रिय भागीदार बने।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुशवाह ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा सभी से अपने परिवार, समाज और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आदर्श दीदी, पार्षद अनिल साँखला, मंडल अध्यक्ष अमर कुटे, सेंट्रल ब्यूरो ऑफिस के डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर ब्रिजेन्द्र चौधरी, राजयोगी बीके प्रहलाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न करना तथा देशव्यापी जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।



