12 अगस्त को होगा नगर परिषद बरेला के नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण
बरेला/जबलपुर – नगर परिषद बरेला के नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण समारोह 12 अगस्त को मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना (द्वितीय चरण) के अंतर्गत स्वीकृत 131.43 लाख रुपये की राशि से निर्मित नवीन कार्यालय भवन में आयोजित किया जाएगा।
लोकार्पण समारोह में पनागर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री सुशील तिवारी जी “इंदू भैया” मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। नवीन कार्यालय भवन के निर्माण से नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के साथ-साथ नागरिकों को विभिन्न नगरीय सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नगर परिषद अध्यक्ष श्री प्रतीक मानव दुबे, उपाध्यक्ष श्रीमती सोनम “सोनू” सोनकर, समस्त पार्षदगण एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नगर के सभी नागरिक बंधुओं से लोकार्पण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने का आग्रह किया है।
नगर परिषद के नवीन कार्यालय भवन के लोकार्पण को लेकर नगरवासियों में भी उत्साह है। यह भवन बरेला के नगरीय विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



