मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना: भ्रष्टाचार का आरोप, निष्पक्ष जांच की मां
हसनपुर। राष्ट्र सेवी संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को ग्राम भदौरा स्थित काली देवी मंदिर परिसर के पास में आयोजित की गई। बैठक में मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के क्रियान्वयन में आ रही अनियमितताओं और व्याप्त भ्रष्टाचार पर गहरा रोष व्यक्त किया गया।
संगठन के संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि जनपद में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित इस योजना का वास्तविक लाभ पात्र किसानों तक नहीं पहुँच पा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग में बिचौलिये और दलाल पूरी तरह हावी हैं। जब भी कोई किसान सीधे पारदर्शी प्रक्रिया से आवेदन करता है, तो उसके आवेदन को खारिज कर दिया जाता है। वहीं, जब वही आवेदन दलालों के माध्यम से पहुँचाया जाता है, तो उसे तुरंत स्वीकृति दे दी जाती है।
कृष्ण कुमार शर्मा ने आगे कहा कि इस तरह की कार्यशैली से न केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि मेहनत करने वाले जरूरतमंद किसान योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं। पूर्व में योजना के लिए चयनित किसानो से अवैध बसूली की जा रही है।उन्होंने शासन-प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और इसमें विकास खंड से लेकर जनपद तक संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पात्र आवेदकों को बिना रिश्वत योजना का लाभ नहीं दिया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। बैठक के अंत में किसानों के हितों की रक्षा के लिए गोलबंद होने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मुकेश सिंह, जयवीर सिंह, रमन सिंह, राम सिंह सैनी, यश चौधरी, मनवीर सिंह तथा चंद्रशेखर, संजीव सैनी, विनोद कश्यप सहित अनेक ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे।सवाददाता…. मुशीर खान



