*राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर संत अलॉयसियस महाविद्यालय में पुस्तक प्रदर्शनी*
जबलपुर। राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर 12 अगस्त 2026 को संत अलॉयसियस महाविद्यालय के पुस्तकालय में पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी 12 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य पुस्तकों का अवलोकन कर सकेंगे। पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ डॉ. फादर जे. बेन एंटोन रोज एवं डॉ. के. दास द्वारा किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों को नियमित पठन-पाठन के लिए प्रेरित किया तथा पुस्तकों को ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और जीवन में सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित करना, पुस्तकालय के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक पुस्तकों के प्रति आकर्षण उत्पन्न करना है। प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों से संबंधित उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया है।
कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में डॉ. अर्चना दुबे, डॉ. तुहिना जौहरी, डॉ. अमिता छत्री, श्री नितिन स्वामी, श्री जतिन आनंद, श्रीमती सोनम यादव, श्रीमती उपासना पटेल, श्रीमती ज्योति राजपूत राजू, जोसेफ एवं शर्मिला अनवर सहित पुस्तकालय समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। सभी सदस्यों के सक्रिय सहयोग एवं अथक प्रयासों से पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



