सीवेज पंप हाउस पर शराब पिलाने की शिकायत पर निगमायुक्त ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्दे
वीडियो शिकायत का संज्ञान लेकर संबंधित कर्मचारी को हटाया गया, ठेकेदार को दिए सख्त निर्देश
ग्वालियर। बिरला नगर स्थित सीवेज पंप हाउस पर कार्यरत ठेकेदार के कर्मचारी श्री अतुल द्वारा शराब पिलाए जाने संबंधी वीडियो के माध्यम से शिकायत प्राप्त होने पर नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निगमायुक्त श्री चौधरी के निर्देशों के पालन में अधीक्षण यंत्री पीएचई श्री एस.एल. बाथम द्वारा संबंधित ठेकेदार श्री बबलू धारीवाल, धारीवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी को तत्काल पत्र जारी कर निर्देशित किया गया कि शिकायत में सामने आए कर्मचारी को तत्काल कार्य से हटाया जाए तथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निगम के निर्देशों के बाद ठेकेदार द्वारा संबंधित कर्मचारी को कार्य से हटा दिया गया तथा उसके स्थान पर दूसरे कर्मचारी की नियुक्ति कर दी गई है।
नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नगर निगम की विभिन्न परियोजनाओं एवं परिसरों में कार्यरत ठेकेदारों एवं उनके कर्मचारियों द्वारा अनुशासनहीनता अथवा नियमों का उल्लंघन किए जाने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



