*चार राज्यों को जोड़ने वाले ट्रैक पर दुद्धी की अनदेखी: एक भी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं, यात्रियों में उबाल, आंदोलन की चेतावनी
_तहसील मुख्यालय होने के बावजूद सुविधाओं को तरसा दुद्धीनगर स्टेशन, रोज सामने से गुजरती हैं 8 एक्सप्रेस ट्रेनें_
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*
*दुद्धी (सोनभद्र)।* सरकार की उदासीनता और रेलवे विभाग की उपेक्षा का शिकार बना दुद्धीनगर रेलवे स्टेशन आज भी यात्रियों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। देश के चार राज्यों को जोड़ने वाले व्यस्त रेल मार्ग पर स्थित होने के बावजूद इस महत्वपूर्ण स्टेशन पर एक भी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं है।
इस रूट से रोजाना दर्जनों लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें धड़धड़ाती हुई गुजरती हैं, लेकिन दुद्धी स्टेशन पर रुकती एक भी नहीं। इसका खामियाजा तहसील मुख्यालय, न्यायालय, आईटीआई, डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज और दर्जनों सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले हजारों कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। लंबी दूरी की यात्रा के लिए लोगों को रेणुकूट या गढ़वा रोड का चक्कर लगाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आंखों के सामने से ट्रेन गुजरती है और हम प्लेटफॉर्म पर हाथ मलते रह जाते हैं। वर्षों से सांसद, विधायक और डीआरएम धनबाद को ज्ञापन देकर *11632 भोपाल एक्सप्रेस और 12873 झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस* जैसी ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही है, पर हर बार सिर्फ कोरा आश्वासन मिला है।
*ये हैं प्रमुख ट्रेनें जिनके ठहराव की मांग है:*
इस मार्ग से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में 11632 भोपाल एक्सप्रेस, 12873 झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, 08611 अजमेर एक्सप्रेस, 12453 राजधानी एक्सप्रेस, 13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस, 19607 कोलकाता एक्सप्रेस, 18009 संतरागाछी एक्सप्रेस और 19414 कोलकाता-अजमेर एक्सप्रेस शामिल हैं। लोगों की सबसे पुरानी मांग भोपाल एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के ठहराव की है।
क्षेत्रीय जनता ने रेल मंत्रालय और मध्य रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जनहित में जल्द ठोस निर्णय लिया जाए। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।



