एक दिन में तीन जगह अवैध शराब पकड़ी, तीन एफआईआर दर्ज
भगवती मानव कल्याण संगठन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 74.46 लीटर शराब जब्त
*आशुतोष चतुर्वेदी की रिपोर्ट सिगंरौली*
सिंगरौली । जिले में अवैध शराब के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय पुलिस की संयुक्त सक्रियता से 10 सितंबर को सरई एवं लंघाडोल थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 74.46 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 39,186 रुपये बताई गई है। तीनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है।
थाना लंघाडोल क्षेत्र के ग्राम पोड़ीपाठ में आरोपी अरविंद शाह की दुकान की तलाशी के दौरान तीन नग बोल्ट बीयर बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 1.950 लीटर और कीमत 540 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी गांव में आरोपी राजेश शाह की दुकान की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी एवं देशी मदिरा बरामद की गई। इसमें बोल्ट बीयर, माउंट 6000, किंगफिशर, रॉयल स्टैग, वैगपाइपर, मैकडॉवेल, टेन हाईपावर, वोदका, ऑफिसर्स चॉइस, लंदन प्राइड तथा देशी मसाला एवं प्लेन मदिरा शामिल है। बरामद शराब की कुल मात्रा 16.650 लीटर और कीमत 12,241 रुपये बताई गई है। इस मामले में भी आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वहीं थाना सरई क्षेत्र के ग्राम धिरौली में मुखबिर की सूचना पर आरोपी बृजेंद्र जायसवाल की किराना दुकान पर कार्रवाई की गई। दुकान से लाल देशी मसाला, सफेद प्लेन देशी मदिरा, किंगफिशर, माउंट, बोल्ट बीयर तथा मैकडॉवेल, लंदन प्राइड, आइकॉनिक और ब्लेंडर्स प्राइड सहित विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 55.860 लीटर और कीमत 26,405 रुपये बताई गई है। इस मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा तीनों मामलों में आगे की विवेचना की जा रही है।



