कृषि उपज मंडी अशोकनगर में भूखंड आवंटन में अनियमितता, लेखापालों को नोटिस के निर्दे
अशोकनगर। कृषि उपज मंडी अशोकनगर में भूखंड आवंटन से जुड़े अभिलेखों की जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर कलेक्टर साकेत मालवीय ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को मंडी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भूखंड आवंटन से संबंधित दस्तावेजों एवं व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर कलेक्टर ने वर्ष 2020 से वर्तमान तक मंडी में पदस्थ रहे लेखापालों (अकाउंटेंट) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
मामले की विस्तृत जांच के लिए कलेक्टर ने पृथक जांच दल गठित करने के निर्देश भी दिए। जांच दल द्वारा भूखंड आवंटन से संबंधित सभी अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। अनियमितता प्रमाणित होने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी में स्थापित तौल कांटों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। इसके साथ ही किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और कृषक भोजनालय की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अशोकनगर इसरार खान, मंडी सचिव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Aaj Tak 24×7
जिला ब्यूरो अशोकनगर
सौरभ जैन


