*जबलपुर में हनीट्रैप का बड़ा खुलासा: होटल कदंब ट्री से नाचने वाली युवती गिरफ्तार, बैग से मिले लाखों रुपये
जबलपुर।संस्कारधानी के कोतवाली थाना अंतर्गत दमोह नाका (गोपाल सदन) के पास स्थित होटल कदंब ट्री में आज कोतवाली पुलिस ने छापा मारकर हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से जाल बिछाकर एक युवती को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से डांसर (नाचने वाली) बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार की गई युवती की पहचान पूजा रेवास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उमरिया की रहने वाली है। आरोप है कि पूजा ने जबलपुर के ग्वारीघाट निवासी एक युवक को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद उसने युवक को गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देकर भारी-भरकम रकम की डिमांड शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि आरोपी युवती पीड़ित युवक से 10 लाख रुपये की मोटी रकम वसूलने के लिए लगातार दबाव बना रही थी। इससे पहले उसने पीड़ित के ग्वारीघाट स्थित घर पर जाकर भी काफी हंगामा और नाटक किया था, ताकि बदनामी के डर से युवक पैसे देने को तैयार हो जाए।पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूजा रेवास का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ उमरिया थाने में पहले से ही एक एफआईआर (FIR) दर्ज है, जिससे साफ होता है कि वह इस तरह की ब्लैकमेलिंग और साजिशें रचने की आदी है।युवक की शिकायत और सूचना के आधार पर सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने होटल परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही डील के मुताबिक रकम का लेनदेन हुआ, पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर युवती को रंगे हाथों दबोच लिया।कार्रवाई के दौरान युवती के पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से लगभग 2 से 3 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। इस पूरी जब्ती और पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बैग के भीतर रखी नकदी साफ तौर पर देखी जा सकती है।कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर नकदी जब्त कर ली है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस हनीट्रैप गिरोह में पूजा के साथ और कौन-कौन से लोग शामिल हैं, तथा इस होटल का इस्तेमाल कब से इस तरह की गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का औपचारिक खुलासा करेगी।