*खंडवा में NVDA सब इंजीनियर 14 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ धराया
*दो महीने बाद होना था रिटायर*
*मिश्रीलाल कोहरे*
*खंडवा*
लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) पुनासा में पदस्थ सब इंजीनियर अशोक गौतम (61) को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की सेवानिवृत्ति में महज दो महीने बाकी हैं।
*13 लाख भुगतान के बदले 55 हजार की मांग -*
लोकायुक्त के मुताबिक शिकायतकर्ता लखन राठौर (40) निवासी ग्राम धूलवाड़ा, तहसील सनावद, जिला खरगोन ठेकेदारी करता है। उसने 2024 में NVDA पुनासा में चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष बनाने का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद उसे करीब 13 लाख रुपए का भुगतान हो चुका था, कुछ भुगतान बाकी था और सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस मिलना थी। आरोप है कि इसी बकाया भुगतान और डिपॉजिट लौटाने के बदले सब इंजीनियर अशोक गौतम ने 55 हजार रुपए रिश्वत मांगी।
*शिकायत के बाद ट्रैप -*
ठेकेदार ने 10 सितंबर को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत की। शिकायत के बाद अधिकारियों ने सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में ट्रैप योजना बनाई गई। बुधवार को निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम पुनासा पहुंची।
*तकनीकी कक्ष में हुई कार्रवाई*
लोकायुक्त टीम ने नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 पुनासा के कार्यालय के तकनीकी कक्ष में कार्रवाई करते हुए अशोक गौतम को ठेकेदार से 14 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और आगे की कार्रवाई जारी है।


