जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी समाचार
क्या प्रशासन, शिक्षकों की तरह डॉक्टरों की भी जांच कराएगा..?,
दोनों ही विभागों में बड़ा बजट
मेडिकल कॉलेज की कमान जूनियर डॉक्टरों के हाथों में, सीनियर चला रहे शिवपुरी में अस्पताल
शिवपुरी। शिक्षा व स्वास्थ्य दोनों ही आम आदमी के लिए आवश्यक हैं, तथा सरकार भी इनके लिए बड़ा बजट खर्च करती है।
धरातल पर दोनों ही विभागों की स्थिति अफसोसजनक है।
सरकारी शिक्षकों पर लगाम कसने के लिए कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं,
डॉक्टर समय पर सरकारी अस्पताल में मौजूद रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं या नहीं, इसकी मॉनिटरिंग के लिए अभी तक कोई कवायद नहीं की गई। इसकी एक वजह यह भी है कि शिक्षक यदि हड़ताल करेंगे तो बच्चा आज का कोर्स कल भी पढ़ लेगा, लेकिन इलाज के बिना मरीज अगले दिन का इंतजार नहीं कर पाएगा।
गौरतलब है कि पिछले दिनों प्रशासन ने टीम बनाकर 4 सरकारी शिक्षकों को प्राइवेट कोचिंग में पढ़ाते हुए पकड़ा। जिसमें से एक शिक्षक को कलेक्टर ने सस्पेंड कर दिया, जबकि तीन की विभागीय जांच शुरू करवा दी। यह खबरें गुरुवार को प्रमुखता से प्रकाशित की गईं, जबकि यह नहीं बताया गया कि उक्त शिक्षक स्कूल टाइम पर कोचिंग में पढ़ा रहे थे, या फिर उसके बाद।
इसके उलट यदि मेडिकल कॉलेज अथवा जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टरों पर नजर डाली जाए तो अस्पताल समय में कुछ डॉक्टर्स अपने निजी क्लीनिक पर मरीज देखते रहते हैं, तथा गंभीर पेशेंट आने पर वो मोबाइल पर या तो इलाज बता देते हैं या फिर कॉल पर देखने आते हैं। चूंकि मरीज के पास इतना समय नहीं होता कि वो डॉक्टर के आने का लंबा इंतजार कर सके। पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग में जब अटैचमेंट खत्म किए गए तो थोकबंद डॉक्टर्स मुख्यालय छोड़ कर अपने पदस्थी वाले ठिकाने पर रवाना हो गए।



