Skip to main content

Aaj Tak24x7

केंद्रीय मंत्री सिंधिया बुधवार को शिवपुरी जिले में करेंगे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

अतुल मल्होत्रा आज तक 24×7 ब्यूरो रिपोर्ट

शिवपुरी को देंगे विद्युत उपकेंद्रों की सौगात

शिवपुरी/ग्वालियर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया अपने 4 दिवसीय संसदीय क्षेत्र प्रवास के दूसरे दिन, कल 10 सितम्बर को शिवपुरी जिले के पिछोर स्थित गरेठा, चमरौआ, मुहासा एवं पिपरा में जनकल्याणकारी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे शिवपुरी को विद्युत उपकेंद्रों की सौगात भी देंगे।

इससे पहले सिंधिया ने आज पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उन्हें नमन कर प्रवास को आरंभ किया। अपने प्रवास के प्रथम दिन ग्वालियर में उन्होंने जनसंपर्क के दौरान आमजन की समस्याएँ सुनीं और उनसे आत्मीय संवाद किया। इसके पश्चात उन्होंने ग्वालियर में जैन समाज द्वारा आयोजित क्षमावाणी पर्व कार्यक्रम में सम्मिलित होकर समाजजनों को संबोधित किया। साथ ही, सिंधिया परिवार के आराध्य एवं मार्गदर्शक संत बाबा मंसूर अली शाह की दरगाह पर जाकर प्रार्थना की और क्षेत्र की खुशहाली एवं सुख-शांति की कामना की।

शिवपुरी को देंगे विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों की सौगात
केंद्रीय मंत्री सिंधिया कल दोपहर पिछोर विधानसभा के गरेठा में नव-निर्मित गरेठा विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण कर स्थानीय जनता को समर्पित करेंगे। इसके उपरांत वह चमरौआ में चमरौआ विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास करेंगे। तत्पश्चात मुहासा में मुहासा विद्युत उपकेंद्र का तथा सायंकाल पिपरा में जाकर पिपरा विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्थानीय जनमानस से भी सीधा संवाद करेंगे।

सिंधिया का जनसेवा को समर्पित संकल्प
उक्त विद्युत परियोजनाओं से शिवपुरी जिले में बिजली आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ होगी, किसानों, व्यापारियों सहित सभी नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद सिंधिया का कहना है कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। यही ऊर्जा उन्हें दिन-रात जनसेवा के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों का सीधा लाभ शिवपुरी जिले के प्रत्येक नागरिक को मिलेगा।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7