अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘कादंबरी’ के अखिल भारतीय सम्मान समारोह में बरेला के महेश ‘मानव’ सम्मानित
‘मानव मंजरी’ कृति का हुआ सम्मान हेतु चयन, आचार्य भगवत दुबे ने शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित
बरेला। संस्कारधानी जबलपुर की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘कादंबरी’ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय साहित्यकार-पत्रकार सम्मान समारोह 2026 में बरेला नगर के ख्यातिलब्ध कवि, साहित्यकार एवं रंगकर्मी महेश ‘मानव’ को उनकी साहित्यिक कृति ‘मानव मंजरी’ के लिए सम्मानित किया गया।
शहीद स्मारक सभागार, जबलपुर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में देशभर से आए साहित्यकारों, कवियों, लेखकों एवं पत्रकारों की उपस्थिति में संस्था के अध्यक्ष आचार्य भगवत दुबे ने महेश ‘मानव’ को सम्मान-पत्र, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
महेश ‘मानव’ की कृति ‘मानव मंजरी’ का सम्मान हेतु चयन बरेला नगर के लिए गौरव का विषय है। उनकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक साधना ने क्षेत्र को साहित्य जगत में विशिष्ट पहचान दिलाई है। यह सम्मान उनकी निरंतर साहित्य सेवा, रचनात्मक प्रतिभा एवं सृजनशीलता का सम्मान है।
इस अवसर पर श्रीमती संगीता मानव, महेश स्थापक, स्नेहिल बैरागी, प्रेम दास रामायणी, एडवोकेट प्रवीण जैन, पत्रकार माधव शर्मा, आर्टिस्ट मुनीश जैन, कवि संतोष सरगम, विशाल सिंह, शिक्षक शुभ संदेश सिंगोर, राजा देवेंद्र उपाध्याय एवं दिनेश बागरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
साहित्य साधना एवं सृजनशील प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह ने संस्कारधानी जबलपुर की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। महेश ‘मानव’ की इस उपलब्धि से बरेला क्षेत्र के साहित्यप्रेमियों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है।



