भोपाल संत समाज ने किया ‘हनुमान अंश’ फिल्म का सामूहिक दर्श
सीताराम के जयघोष से गूंज उठा बोर्ड ऑफिस चौराहा
भोपाल, 15 सितंबर। मंगलवार को भोपाल का संत समाज बड़ी संख्या में एकत्रित होकर बोर्ड ऑफिस चौराहे से दोपहर 2:30 बजे “सीताराम” के जयघोष एवं भक्ति-भाव के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म के सामूहिक दर्शन हेतु प्रस्थान किया। इस अवसर पर संत समाज के वरिष्ठ संत श्री अनिल आनंद जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में भगवान श्री हनुमान जी महाराज की भक्ति, महिमा एवं नीम करोली बाबा जी से जुड़े आध्यात्मिक प्रसंगों को श्रद्धा और आस्था के साथ स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा नेता कृष्ण घाड़गे ने कहा कि सनातन धर्म की आध्यात्मिक परंपरा, संत-महात्माओं एवं धर्मगुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान हमारी संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में युवा पीढ़ी को भगवान श्री हनुमान जी की भक्ति, सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बन सकती हैं।
उन्होंने कहा कि आज के समय में जब अनेक युवा अपनी संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे में उन्हें अपने धर्म, परिवार, संस्कार और सनातन परंपराओं से परिचित कराना हम सभी का दायित्व है। युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस फिल्म का एक बार अवश्य दर्शन करना चाहिए, ताकि वे भगवान श्री हनुमान जी की भक्ति और उनके प्रति करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को समझ सकें।
कृष्ण घाड़गे ने कहा कि कलियुग में भगवान श्री हनुमान जी को जागृत देवता एवं संकटमोचन के रूप में करोड़ों श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हैं। देशभर में हनुमान जी की महिमा और भक्तों की आस्था से जुड़े अनेक आध्यात्मिक प्रसंग जनमानस में श्रद्धा का केंद्र रहे हैं। हाल ही में उज्जैन सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा अनुभव किए जाने वाले आध्यात्मिक प्रसंग भी हनुमान भक्ति की अटूट आस्था और विश्वास को और दृढ़ करते हैं।
उन्होंने कहा कि “श्री हनुमान जी महाराज की भक्ति हमें शक्ति, सेवा, विनम्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। हमारा प्रयास है कि सनातन संस्कृति की यह दिव्य विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचे और युवा अपने धर्म, संस्कार एवं राष्ट्र के प्रति जागरूक हों।”
कार्यक्रम में संत समाज एवं श्रद्धालुओं ने “जय श्री राम”, “सीताराम” एवं “जय बजरंगबली” के जयघोष के साथ आध्यात्मिक वातावरण में फिल्म का सामूहिक दर्शन किया।



