*प्रांतीय गणित मेला में सोनभद्र का परचम, 12 छात्रों ने जीते 5 रजत और 2 कांस्य पदक
*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*
*दुद्धी, सोनभद्र।* जन शिक्षा समिति काशी प्रांत द्वारा आयोजित प्रांतीय गणित मेला सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गौरा बादशाहपुर, जौनपुर में संपन्न हुआ। मेले में गणित प्रश्नमंच, गणित प्रदर्श, गणित प्रयोग, गणित पत्र वाचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक प्रश्नमंच, लोक नृत्य, कला, रंगोली, भाषण एवं आशु भाषण जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में 12 जिलों से चयनित भैया-बहनों ने प्रतिभाग किया। सोनभद्र जनपद से महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दुद्धी और संत श्री सच्चा बाबा सरस्वती शिशु मंदिर, विंढमगंज से कुल 15 भैया-बहनों ने भाग लिया।
इनमें महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दुद्धी के भैया शाहिद खान और देव कुमार विश्वास ने गणित प्रदर्श में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। वहीं सुधाकर मिश्रा ने गणित प्रदर्श और अंकित कुमार ने गणित पत्र वाचन में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।
सरस्वती शिशु मंदिर, विंढमगंज की तीन बहनों लक्ष्मी कुमारी, परिधि कुमारी और रिद्धिमा कुमारी ने सांस्कृतिक प्रश्नमंच में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस प्रकार सोनभद्र के छात्रों ने कुल पांच रजत और दो कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
सभी भैया-बहनों को सोनभद्र जिले के जिला प्रमुख जितेंद्र तिवारी, महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दुद्धी के प्रधानाचार्य अनिल तिवारी और गणित प्रमुख आचार्य राजू जी के नेतृत्व में कार्यक्रम में प्रतिभाग कराया गया।
इस दौरान छात्रों को सारनाथ स्थित म्यूजियम, बौद्ध स्तूप, अशोक स्तंभ और बौद्ध मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराकर ज्ञानवर्धन भी कराया गया।



