आर.चंद्रा ब्यूरो
*किसी भी माध्यम से आमजन की प्राप्त शिकायतों / समस्याओं का निस्तारण गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष व स्थलीय जांच कर समय से करें सुनिश्चित।
शिकायतों के निस्तारण में सभी संबंधित अधिकारी अधीनस्थों से प्राप्त आख्या/ रिपोर्ट को स्वयं जांच कर ही करें हस्ताक्षरित।
*औरैया 09 जून 2025-* जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने बिधूना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र से आने वाले फरियादियों से उनके शिकायती/ समस्या संबंधित प्रार्थना पत्र लेकर मामले की जानकारी करते हुए संबंधितों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार से प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों को किसी भी दशा में लंबित न रखा जाए और समय से उनके संबंध में जांच/ स्थलीय परीक्षण करते हुए /कराते हुए नियमानुसार निष्पक्ष होकर संतुष्टि पूर्ण समाधान सुनिश्चित करें जिससे फरियादी संतुष्ट हो और वह पुनः शिकायत की कार्यवाही न करें इसके लिए अधिकारी अपने स्तर से हर संभव प्रयास करते हुए कार्य करें जिससे संतुष्टि प्रतिशत में भी बढ़ोतरी हो। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आने वाले प्रार्थना पत्रों को सीघ्रता के साथ जांच/सत्यापन कर अग्रिम कार्यवाही करें जिससे कार्यवाही न होने की शिकायत में कमी दृष्टिगत होगी और पात्रता के अनुरूप संबंधित को लाभ भी मिल सकेगा।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद गीता शाक्य व भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने फरियादियों की शिकायतों को सुना और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा।
उक्त अवसर पर शेर सिंह पुत्र बनवारी लाल निवासी अनेसो ने प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया कि भाग संख्या 20/20 साधू उर्फ बनवारी लाल बनाम रामचरण की पत्रावली पर अपर आयुक्त कानपुर मंडल कानपुर के आदेश दिनांक 25- 04- 2023 व 09- 10- 2024 के अनुपालन में पत्रावली पर कोई कार्यवाही नहीं की गयी और न ही उसे ऑनलाइन किया जा रहा है आपसे प्रार्थना है कि पत्रावली को ऑनलाइन कराते हुए न्यायालय में सुनवाई हेतु पत्रावली तलब कराई जाए जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी विधूना को निर्देशित किया कि पत्रावली को तलब कर नियमानुसार कार्यवाही की जाए। बाबूराम पुत्र सरदार निवासी जागूपुर बिधूना ने खेत पर कब्जा दिलाए जाने हेतु प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया कि मेरे द्वारा जागूपुर मौजा में खसरा संख्या 295 में 0.162 हेक्टेयर रकबा दिनांक 20 -11- 2024 को क्रय कर खतौनी में नाम अंकित करा लिया था कृपया प्रार्थी को क्रय किए गए भाग पर कब्जा दिलाया जाए जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिधूना को निर्देश दिए कि मामले का संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्यवाही करें। सुरेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय नन्हऊ प्रसाद निवासी बरकसी ने अवगत कराया कि हमारी भूमि पर गांव के ही कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है मेरे द्वारा कब्जा छोड़ देने के लिए उनसे कहा गया जिस पर वह सभी गाली- गलौज करने लगे और लड़ाई- झगड़ा करने पर अमादा हो जाते हैं और कहते हैं कि ज्यादा करोगे तो जान से मार देंगे अतः श्रीमान जी से विनम्र अनुरोध है कि प्रार्थी की भूमि से अवैध कब्जा हटवाते हुए मुझे कब्जा एवं अधिकार दिलाने का कष्ट करें जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिधूना को निर्देशित किया कि निस्तारण की कार्यवाही मिशन समाधान के तहत सभी संबंधित पक्षों की उपस्थिति में उनको सुनते हुए नियमानुसार करें।
उक्त अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुना और संबंधित थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि प्राप्त मामलों का संज्ञान लेकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करायें।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों/ मामलो से संबंधित कुल 222 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 24 प्रार्थना पत्रों पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी बिधूना गरिमा सोनाकिया, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश सिंह, तहसीलदार विधूना जितेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी पी पुनीत मिश्रा, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



