Skip to main content

Aaj Tak24x7

ग्वालियर मेला: व्यापारियों ने कहा ऑनलाइन आवेदन को सरल बनाया जाए, वरना गंभीर त्रुटि की आशंका


अतुल मल्होत्रा आज तक 24×7 ब्यूरो रिपोर्ट


यह भी कहा: समन्वय बैठक में जिन बिंदुओं पर सहमति बनी, उन पर हो तत्काल अमल
ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर मेला व्यापारी संघ ने मेला प्राधिकरण के अधिकारियों से मांग की है कि प्राधिकरण द्वारा प्रारंभ की गई दुकानों के ऑनलाइन आवंटन की प्रक्रिया को इस तरह सरल एवं सुगम बनाया जाए कि कम पढ़े लिखे दुकानदारों को भी ऑनलाइन फॉर्म भरने में असुविधा का सामना न करना पड़े। मेला व्यापारी संघ ने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देशानुसार आयोजित हुई समन्वय बैठक में विगत वर्ष के पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता देने, किराया वृद्धि वापस लेने, ईंटेंडरिंग किसी भी स्थिति में लागू न करने एवं शिकमी दुकानदारों पर कार्यवाही जैसे जिन तमाम बिंदुओं पर सहमति बनी है, मेला प्राधिकरण पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ उनका पालन कराए।
श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयोजक उमेश उप्पल, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी, सह संयुक्त अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष अनुज गुर्जर हरिकांत समाधिया. पंडित विजय कब्जू ने आज एक संयुक्त वक्तव्य में आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि मेला प्राधिकरण इस तथ्य से बखूबी अवगत है कि ग्वालियर मेला में दुकान लगाने वाले व्यापारियों में एक बड़ी संख्या ऐसे पारम्परिक व्यवसायियों की है जो कम पढ़े लिखे हैं एवं अंग्रेजी भाषा के ज्ञान से अनभिज्ञ हैं, इसके बावजूद ऑनलाइन आवेदन फॉर्म को अंग्रेजी में तैयार किया गया है जिसमें बीड्स, कीड्स, चीड्स जैसे क्लिष्ट अंग्रेजी शब्दों वाले कॉलम हैं। अंग्रेजी की अज्ञानता के चलते मेला व्यापारी यदि अनजाने में इन प्रविष्टियों को भर देते हैं तो वे ऑनलाइन फॉर्म में निर्दिष्ट कंडीशंस पूरी करने की जवाबदेही से बंध जाएंगे। मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने मांग की कि मेला की दुकानों के ऑनलाइन आवेदन को अंग्रेजी के बजाए हिन्दी में तैयार किया जाए। ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए आने वाले सभी दुकानदारों को फॉर्म की सर्टिफाइड कॉपी प्रदान की जाए ताकि दुकानदार किसी अनुभवी जानकार से आवेदन फॉर्म के कॉलमों एवं चाही गई जानकारी के लिए सही ढंग से खुद को अपडेट कर सकें। दुकानदारों को भविष्य में किसी भूल चूक और गलती से बचाने का यही एक उपयुक्त तरीका है।
प्रेषक
महेन्द्र भदकारिया,
अध्यक्ष
श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ, ग्वालियर

aajtak24x7
Author: aajtak24x7