*व्यापारी हित सर्वोपरि, ग्वालियर मेला का वैभव बढ़ाने करेंगे हरसंभव प्रयास: श्रीमंत सिंधिया
अतुल मल्होत्रा आज तक 24×7
*मेला व्यापारी संघ ने सिंधिया से एयरपोर्ट पर मुलाकात कर रोडटैक्स में छूट दिलाने के लिए भेंट किया धन्यवाद पत्र*
ग्वालियर, 14 जनवरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज दोपहर केंद्रीय संचार मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के ग्वालियर आगमन पर राजमाता एयरपोर्ट पहुंचकर उन्हें धन्यवाद पत्र भेंटकर उनके पुरजोर प्रयास एवं व्यापारी हित में संवेदनशीलता के साथ उठाए कदमों के परिणामस्वरूप राज्य शासन द्वारा ऑटोमोबाइल सेक्टर में आरटीओ टैक्स में पचास फीसदी छूट दिए जाने के निर्णय के लिए समस्त मेला व्यापारियों की ओर से उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने श्रीमंत सिंधिया से आग्रह किया कि मेला व्यापारियों के प्रति अपना ऐसा ही सानिध्य एवं अनुराग सदैव बनाए रखें।
इस अवसर पर श्रीमंत सिंधिया ने ग्वालियर के चतुर्दिक विकास एवं व्यापारी हित की रक्षा के लिए सदैव समर्पित एवं तत्पर रहने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि अपने महान पूर्वज सिंधिया परिवार की सवासौ वर्ष पुरानी ऐतिहासिक गौरवशाली विरासत ग्वालियर व्यापार मेला की गरिमा, वैभव एवं शानदार परंपराओं को और अधिक समृद्ध करने और यहां छोटे, मझौले, बड़े सहित सभी श्रेणी के मेला व्यापारियों को निर्विघ्न व्यापार के लिए सभी साधन, संसाधन, फ्रेंडली वातावरण एवं नए जमाने की सुविधाएं मुहैया कराने के लिए वे अपनी ओर से शत प्रतिशत प्रयासों में जुटे हुए हैं। श्रीमंत सिंधिया ने राज्य शासन द्वारा ऑटोमोबाइल सेक्टर में आरटीओ टैक्स में पचास फीसदी छूट दिए जाने पर ऑटोमोबाइल्स सहित सभी मेला व्यापारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि इस बार भी मेला में सभी व्यापारी, दुकानदार जमकर कारोबार करेंगे और पूरे वर्षभर ग्वालियर मेला की प्रतीक्षा करने वाले सैलानी अपनी मनपसंद खरीददारी कर अपने सपनों को पूरा कर सकेंगे।
*ग्वालियर मेला को प्रगति के उत्कर्ष पर पहुंचाने में मेला व्यापारी कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे…*
इस अवसर पर मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयुक्त अध्यक्ष प्रवक्ता अनिल पुनियानी, संयोजक उमेश उप्पल, सह अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कार्य. अध्यक्ष अनुज गुर्जर, ऑटोमोबाइल सेक्टर के हरिकांत समाधिया, सुरेश हिरयानी, बालकृष्ण अग्रवाल आदि ने केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया को आश्वस्त किया कि ऐतिहासिक ग्वालियर मेला को और अधिक उत्कर्ष पर पहुंचाने में मेला के समस्त व्यापारी अपनी ओर से कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे लेकिन श्रीमंत सिंधिया का सक्रिय सहयोग, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद अपेक्षित है।
प्रेषक
महेन्द्र भदकारिया
अध्यक्ष, श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ, ग्वालियर



